Kharge on PM Modi: आगामी तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 23 अप्रैल को वोटिंग होनी है। इसके लिए चुनाव का प्रचार 21 अप्रैल मंगलवार शाम को समाप्त हो गया। चुनाव में DMK-कांग्रेस का मुकाबला AIADMK और भाजपा के गठबंधन से हो रहा है। इसी कड़ी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तमिलनाडु के चेन्नई में एक जनसभा का संबोधित किया। इस दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी को लेकर विवादित बयान दे दिया है। बता दें, खरगे ने पीएम मोदी को आतंकवादी बता दिया है। इस बयान के सामने आते ही बवाल मच गया।

क्या बोले गए खरगे?

दरअसल, तमिलनाडु के चेन्नई में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा- 'AIADMK के लोग मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? वो एक आतंकवादी हैं। सबसे बड़ी बात कि वो समानता में विश्वास नहीं करते। क्योंकि उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती। इन लोगों का उनके साथ जुड़ना, इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।'

'लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री का अपमान किया'

इस बयान के सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोल दिया। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि कांग्रेस और डीएमके ने लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री का अपमान किया है। इसके लिए उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह गठबंधन चुनावी लाभ के लिए ऐसा बयानबाजी कर रहा है। भाजपा नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया और कहा कि जनता इसका जवाब देगी। भाजपा की ओर से अन्य नेताओं ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक नैतिकता से गिरने का आरोप लगाया। पार्टी का कहना है कि इस तरह के बयान देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक पदों का अपमान करते हैं।

'देश की जनता इन्हें माफ नहीं करेगी'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने मीडिया से बातचीत कर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी को खुश करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहा है। यह देश की लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर सीधा हमला है। देश की जनता इन्हें माफ नहीं करेगी।

'कांग्रेस पार्टी निराशा में ऐसा बयान दे रही है'

भाजपा सांसद कमलजीत सेहरावत ने खरगे के बयान पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि खरगे जी का प्रधानमंत्री के बारे में ये शब्द बोलना कोई नई बात नहीं। कांग्रेस पार्टी निराशा में है इसलिए इस प्रकार के कमेंट कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी अपनी पतन की ओर जा चुकी है।

शब्दों को गलत तरीके से पेश किया गया: खरगे

विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके शब्दों को गलत तरीके से पेश किया गया है। खरगे ने स्पष्ट किया कि उनका इरादा प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहने का नहीं था। उन्होंने कहा कि उनका संदर्भ सरकार की उन कार्रवाइयों से था, जिनमें विपक्षी दलों और नेताओं पर सीबीआई, ईडी और आयकर जैसी एजेंसियों के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया जाता है।

खरगे ने कहा कि उन्होंने केवल यह कहना चाहा था कि सरकार इन संस्थाओं के माध्यम से विपक्षी दलों में डर का माहौल बना रही है। उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।

Written By: Geeta Sharma