भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर चल रही अनिश्चितता पर बयान देते हुए कहा कि यह समझौता अब अंतिम चरण में है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मजबूत रिश्तों का जिक्र करते हुए एक किस्सा भी सुनाया। गोर के अनुसार, एक बार ट्रंप ने अचानक उनसे कहा कि वे सुबह 6 बजे ही पीएम मोदी को फोन करें। गोर के इस बयान से दोनों देशों के बीच चल रही व्यापार वार्ता में सकारात्मक प्रगति के संकेत मिले हैं।

क्या बोले सर्जियो गोर?

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोमवार (29 जून) को अमेरिका-भारत स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम (USISPF) में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने मियामी में एक UFC कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बिताई एक शाम को याद किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा ट्रंप के बीच तालमेल को दिखाने वाला एक किस्सा सुनाया। गोर ने बताया कि ट्रंप ने अचानक उनसे पीएम मोदी को फोन लगाने के लिए कहा, जिस पर वे हैरान हो गए। उन्होंने ट्रंप से कहा कि भारत में उस समय सुबह 6 बजे होंगे। इस पर ट्रंप ने जवाब दिया, “वो जाग रहे होंगे, वो मेरी तरह ही हैं।” हालांकि बाद में कॉल अगले दिन के लिए शेड्यूल कर दी गई।

PM मोदी और ट्रंप के रिश्ते का जिक्र

अमेरिकी राजदूत ने कहा कि यह घटना दोनों नेताओं के बीच मजबूत संबंध को दर्शाती है। सर्जियो गोर ने कहा कि जब किसी के बीच दोस्ती होती है, तो बातचीत और फैसले पहले से तय ढांचे में बंधे नहीं होते। उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बेहद मजबूत और भरोसेमंद संबंध हैं, जो दोनों देशों के सहयोग को और गहरा करते हैं।

ट्रंप के पास भारत की यादगार यादें

राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत के साथ संबंधों को व्यक्तिगत रूप से महत्व देते हैं और इन रिश्तों से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि अमेरिका भारत के साथ मिलकर काम करना चाहता है और मौजूदा राष्ट्रपति इस साझेदारी को लेकर काफी गंभीर हैं। गोर के अनुसार, ट्रंप के पास भारत से जुड़ी कई सकारात्मक और यादगार अनुभव हैं, और वे इसे अपने सबसे खास दौरों में से एक के रूप में अक्सर याद करते हैं।

 

 Witten By: Archana Gupta