Parliament Protest: संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्ष का विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी है। पेपर लीक से जुड़े विधेयक के दोनों सदनों से पारित होने के बाद अब विपक्ष ने राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा घोटाले के आरोपों को लेकर संसद परिसर के बाहर अनोखा प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसद पप्पू यादव साधु के भेष में नजर आए और सांकेतिक रूप से दान-पात्र लेकर चंदा इकट्ठा करने का प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी वहां पहुंचे और सांकेतिक रूप से दान-पात्र में चढ़ावा डाला। इस दौरान विपक्ष के कई अन्य सांसद भी मौजूद रहे। विपक्ष का आरोप है कि राम मंदिर से जुड़े चंदे के उपयोग में पारदर्शिता होनी चाहिए और कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कराई जानी चाहिए। हालांकि इन आरोपों पर सरकार या संबंधित ट्रस्ट की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। संसद के बाहर हुए इस प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

पहले भी कर चुके हैं अलग अंदाज में विरोध
यह पहला मौका नहीं है जब पप्पू यादव ने अलग अंदाज में विरोध दर्ज कराया हो। इससे पहले उन्होंने संसद भवन के बाहर घायल और लाठीचार्ज के शिकार व्यक्ति का भेष धारण कर छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया था। उनके इस प्रदर्शन ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं।

शिक्षक बनकर भी पहुंचे थे स्कूल
मई 2026 में पप्पू यादव पूर्णिया के जलालगढ़ स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में पहुंच गए थे। उन्होंने छात्रों को नैतिकता, शिक्षा और जीवन के उद्देश्य पर संबोधित किया था। उनके अचानक पहुंचने से स्कूल के शिक्षक और छात्र भी हैरान रह गए थे।

छह बार के सांसद हैं पप्पू यादव
पप्पू यादव अब तक छह बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। उन्होंने 1991, 1996, 1999, 2004, 2014 और 2024 के आम चुनावों में बिहार के अलग-अलग संसदीय क्षेत्रों, विशेषकर पूर्णिया से जीत दर्ज की है। वे निर्दलीय के अलावा समाजवादी पार्टी, लोक जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर भी सांसद रह चुके हैं।

जनता के बीच पैसे बांटने को लेकर भी रहे चर्चा में
पप्पू यादव अक्सर बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों के बीच आर्थिक मदद बांटते नजर आते हैं। उनका दावा है कि वे अब तक करोड़ों रुपये जरूरतमंदों में वितरित कर चुके हैं। इसी को लेकर अक्टूबर 2025 में आयकर विभाग ने उन्हें नोटिस भी जारी किया था।

अमित शाह के खिलाफ भी जारी है विपक्ष का प्रदर्शन
संसद में हंगामे का एक और बड़ा मुद्दा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर है। विपक्षी सांसद लगातार दूसरे दिन संसद परिसर में बैनर लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। आज अमित शाह संसद से गायब क्यों? जैसे नारों और पोस्टरों के साथ विपक्ष 20 जुलाई के संसद मार्च के दौरान छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहा है। विपक्ष के विरोध के चलते पिछले दिन लोकसभा की कार्यवाही भी प्रभावित हुई थी।

और पढे़ं: 'मैं मुस्लिम हूं, अल्लाह के सिवा किसी की इबादत नहीं कर सकता', वंदे मातरम विधेयक पर ओवैसी का सरकार पर हमला

 

Written by Shailesh Yadav