नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी के लिए एक बेहद भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने अपने पिता के निधन के बाद पिछले 35 वर्षों में सोनिया गांधी के साहस और गरिमा की सराहना की और उनकी आगामी संस्मरण पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ के प्रकाशन पर खुशी और गर्व व्यक्त किया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि उन्होंने अपनी मां और पिता को आखिरी बार 35 साल से भी अधिक समय पहले साथ देखा था। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के जाने के बाद से उन्होंने अपनी मां को जीवन की हर मुश्किल का सामना “अटूट साहस और गरिमा” के साथ करते देखा है।
राहुल ने लिखा, “सिर्फ प्रियंका और मैं ही जानते हैं कि आपने किन परिस्थितियों का सामना किया और पापा के बाद आपका जीवन कितना कठिन रहा।”
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी स्वभाव से बेहद निजी जीवन जीने वाली व्यक्ति रही हैं, इसलिए अपनी कहानी दुनिया के सामने रखना उनके लिए आसान नहीं रहा होगा। राहुल ने लिखा कि उन्हें इस बात की खुशी और गर्व है कि उनकी मां की कहानी अब उन करोड़ों लोगों तक पहुंचेगी, जो उनसे प्यार करते हैं।
राहुल गांधी ने भावुक अंदाज में कहा, “आज उनके जन्मदिन पर मैं पापा को मुस्कुराते हुए और अपनी खूबसूरत सोनिया को गर्व से ऊपर से देखते हुए देख सकता हूं।”
10 नवंबर को प्रकाशित होगी सोनिया गांधी की किताब
प्रकाशक Alfred A. Knopf ने मंगलवार को घोषणा की थी कि सोनिया गांधी का संस्मरण 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित किया जाएगा।
यह पुस्तक सोनिया गांधी के जीवन के महत्वपूर्ण पड़ावों पर आधारित है। इसमें युद्ध के बाद के इटली में उनके बचपन, भारत आने का कारण बनी उनकी प्रेम कहानी और उनके जीवन को गहराई से प्रभावित करने वाली व्यक्तिगत त्रासदियों का वर्णन किया गया है।
यह भी पढ़ें: भारत-जापान ने बढ़ाया रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा पर हुआ अहम समझौता
पुस्तक में सोनिया गांधी अपने इटली के बचपन, कैम्ब्रिज में पढ़ाई के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से मुलाकात और प्रेम, तथा अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पति राजीव गांधी की हत्याओं के बारे में भी बात करती हैं।
पुस्तक के कवर पर सोनिया गांधी की युवावस्था की एक आकर्षक श्वेत-श्याम तस्वीर है।
प्रकाशक ने सोशल मीडिया पर पुस्तक का कवर जारी करते हुए इसे प्रेम, परिवार और भारत की कहानी बताने वाला संस्मरण बताया। प्रकाशक के अनुसार, लंबे समय तक अपने निजी जीवन को सार्वजनिक चर्चा से दूर रखने वाली सोनिया गांधी इस पुस्तक में पहली बार अपने जीवन की कहानी खुलकर और आत्मीयता के साथ साझा कर रही हैं।
1965 में हुई थी राजीव गांधी से मुलाकात
इटली में जन्मी सोनिया गांधी वर्ष 1965 में 19 वर्ष की उम्र में इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में पढ़ाई कर रही थीं, जहां उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी। दोनों ने 25 फरवरी 1968 को विवाह किया था।
Written By: Pradeep Singh