पाकिस्तानी एक्ट्रेस सनम सईद ने आखिरकार 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 के रेड कार्पेट पर डेब्यू कर लिया है। पिछले कई दिनों से उनके कान्स अपीयरेंस को लेकर चर्चा हो रही थी, और अब उनका पहला लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। रेड कार्पेट पर सनम सईद ऑफ-व्हाइट और ब्लू टोन वाले हैल्टर-नेक बैकलेस आउटफिट में नजर आईं। इस ड्रेस पर की गई सिल्वर एम्बेलिशमेंट, महीन कढ़ाई और लेयर्ड डिजाइन ने उनके पूरे लुक को शाही अंदाज दिया। फ्लोई सिल्हूट और ट्रेडिशनल डिटेलिंग ने ग्लैमर और देसी एलीगेंस का खूबसूरत मेल पेश किया। उनका यह खास आउटफिट पाकिस्तानी डिजाइनर हुसैन रेहर ने डिजाइन किया था।
बालों को स्लीक बन में किया था स्टाइल
हेयरस्टाइल की बात करें तो सनम ने बालों को स्लीक बन में स्टाइल किया और उसे सफेद गुलाब के गजरे से सजाया। माथे पर मांगटीका, स्टेटमेंट ईयर कफ और मिनिमल ज्वेलरी ने उनके लुक में पारंपरिक खूबसूरती जोड़ दी। मेकअप को सॉफ्ट ग्लैम टच दिया गया था, जिसमें न्यूड बेस, ब्राउन स्मोकी आईज और न्यूड लिप शेड शामिल थे।
पाकिस्तानी कला और विरासत को ग्लोबल मंच पर एक्ट्रेस ने पेश किया
सनम सईद का यह कान्स लुक सिर्फ फैशन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे पाकिस्तानी कला और विरासत को ग्लोबल मंच पर पेश करने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपने इस डेब्यू के जरिए दिग्गज अभिनेत्री शमीम आरा को भी श्रद्धांजलि दी। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उनके कॉन्फिडेंस, ग्रेस और रॉयल स्टाइल की तारीफ कर रहे हैं। कई तस्वीरों और वीडियो में सनम का एलिगेंट अंदाज लोगों का ध्यान खींचता नजर आ रहा है।
Written By Toshi Shah