उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए योगी सरकार के निर्देश पर प्रशासन राहत और बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार है। इसी कड़ी में संवेदनशील क्षेत्रों में बाढ़ राहत दलों की तैनाती के साथ जवानों को लगातार बचाव अभियान का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। गोरखपुर में इसी प्रशिक्षण की उपयोगिता उस समय सामने आई, जब राप्ती नदी में डूब रहे एक युवक की जान पीएसी के जवानों ने तत्परता से बचा ली।

नौसढ़ स्थित रामघाट पर शुक्रवार शाम एक युवक ने राप्ती नदी में छलांग लगा दी। देखते ही देखते वह गहरे पानी में डूबने लगा। मौके पर उस समय 26वीं वाहिनी पीएसी, गोरखपुर का बाढ़ राहत दल प्रशिक्षण और ड्यूटी पर तैनात था। युवक को डूबता देखकर जवानों ने बिना समय गंवाए बचाव अभियान शुरू कर दिया।

मोटरबोट से नदी में उतरी पीएसी की टीम

26वीं वाहिनी पीएसी के मुताबिक संतकबीरनगर के धनघटा निवासी उमेश कुमार ने करीब शाम छह बजे राप्ती नदी में छलांग लगाई थी। उस समय रामघाट पर पीएसी के बी दल के आरक्षियों को बाढ़ राहत एवं बचाव कार्य का प्रशिक्षण दिया जा रहा था।

युवक को नदी में डूबते देखकर हेड कांस्टेबल महात्म प्रसाद ने तत्काल मोर्चा संभाला। उनके नेतृत्व में बाढ़ राहत दल मोटरबोट लेकर नदी में उतरा और युवक की तलाश शुरू की। जवानों ने बेहद कम समय में डूब रहे युवक को खोज निकाला और उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।

सकुशल बचाया गया युवक

रेस्क्यू अभियान के बाद युवक को आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार युवक की स्थिति अब सामान्य है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उसने परेशान होकर आत्महत्या के इरादे से नदी में छलांग लगाई थी।

इस साहसिक बचाव अभियान में हेड कांस्टेबल महात्म प्रसाद के साथ कांस्टेबल संजय कुमार गौतम, कृष्णचंद मौर्य, रमेश यादव, मनोज शुक्ला, जितेंद्र कुमार, रवि गौतम और धीरेंद्र गोंड ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ये पढ़ें: बाराबंकी में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर किया गया अभिनंदन, गूंजा हर-हर महादेव का जयघोष

जवानों की तत्परता की हुई सराहना

बाढ़ राहत प्रशिक्षण के दौरान पीएसी जवानों ने जिस तेजी और साहस के साथ वास्तविक परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया, उसकी अधिकारियों ने सराहना की। दलनायक और थाना राजघाट प्रभारी ने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा एवं तत्परता की प्रशंसा की।

यह घटना बताती है कि आपदा की स्थिति में नियमित प्रशिक्षण और संसाधनों की उपलब्धता कितनी महत्वपूर्ण होती है। पीएसी के जवानों की समय पर कार्रवाई ने एक युवक को नया जीवन दिया और बाढ़ राहत दल की तैयारियों की प्रभावशीलता भी साबित की।

Written By: एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती