पीएम मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रोफाइल पिक्चर (डीपी) बदली है। प्रधानमंत्री की नई डिस्प्ले पिक्चर में भारतीय तिरंगे के साथ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का आधिकारिक लोगो प्रमुखता से दिखाई दे रहा है। इस कदम को देश के वीर सैनिकों के सम्मान और भारतीय सेना की निर्णायक कार्रवाई के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
सोशल मीडिया पर पीएम ने शेयर किया भावनात्मक पोस्ट
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर एक्स पर एक भावनात्मक पोस्ट भी साझा किया। उन्होंने लिखा,ऑपरेशन सिंदूर में भारत को मिली असाधारण विजय हमारे वीर सैनिकों के अद्भुत पराक्रम और देशभक्ति की प्रेरक मिसाल है। उनके अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा पर हर देशवासी को गर्व है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने संस्कृत का एक श्लोक भी साझा किया:
उदीर्णमनसो योधा वाहनानि च भारत।
यस्यां भवन्ति सेनायां ध्रुवं तस्यां जयं वदेत्॥
प्रधानमंत्री की नई डीपी को मिल रही सराहना
प्रधानमंत्री के इस संदेश के बाद सोशल मीडिया पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और भारतीय सेना को लेकर देशभर में गौरव और सम्मान की भावना देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रधानमंत्री की नई डीपी और उनके संदेश को साझा करते हुए सैनिकों के साहस को सलाम किया।
क्या था ऑपरेशन सिंदूर?
ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत 7 मई 2025 को हुई थी। यह अभियान अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए बड़े आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया गया था। इस हमले में कई निर्दोष नागरिकों और सुरक्षाबलों को निशाना बनाया गया था,जिसके बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए निर्णायक सैन्य कार्रवाई का फैसला लिया।
ऑपरेशन सिंदूर में 100 आतंकवादी मारे गए थे
भारतीय सेना, वायुसेना और खुफिया एजेंसियों के बीच शुरू किए गए इस अभियान में सीमा पार स्थित आतंकी ठिकानों और लॉन्चपैड्स पर सटीक हमले किए गए। भारतीय वायुसेना ने 6 और 7 मई की मध्यरात्रि में महज 23 मिनट के भीतर पाकिस्तान और POK में मौजूद 9 बड़े आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। सूत्रों के अनुसार, इन हमलों में करीब 100 आतंकवादी मारे गए थे।
88 घंटों में झुका पाकिस्तान
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना और वायुसेना की कार्रवाई को आधुनिक सैन्य इतिहास की सबसे सटीक कार्रवाइयों में से एक माना गया। भारतीय हमलों के बाद पाकिस्तान ने 8 मई को गुजरात से लेकर कच्छ तक ड्रोन हमलों की कोशिश की। बताया गया कि पाकिस्तान ने करीब 1,000 ड्रोन्स के जरिए भारतीय क्षेत्रों को निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने अधिकांश ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया।
बैकफुट पर आया था पाक
भारतीय सशस्त्र बलों की आक्रामक रणनीति और मजबूत रक्षा प्रणाली के सामने पाकिस्तान महज 88 घंटों के भीतर बैकफुट पर आ गया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की सैन्य क्षमता और रणनीतिक ताकत की व्यापक चर्चा हुई।
नम आंखों से शहीद सैनिकों को किया गया याद
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर देशभर में भारतीय सैनिकों के साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति को याद किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का यह कदम न केवल सैनिकों के मनोबल को बढ़ाने वाला माना जा रहा है,बल्कि यह देशवासियों को भी राष्ट्रीय सुरक्षा और सेना के प्रति सम्मान का संदेश देता है।
Written By: Geeta Sharma