मऊ: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने PDA का अपना अलग अर्थ बताते हुए कहा, “PDA यानी पीट देगा अहीर और पीट देगा अल्पसंख्यक।”

राजभर गुरुवार को मऊ के सदर विधानसभा क्षेत्र स्थित रतनपुरा बाजार में विकास कार्यों के शिलान्यास और 51 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।

2027 में भी नहीं बनेगी सरकार

राजभर ने अखिलेश यादव के 2027 में सरकार बनाने के दावे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनका सपना इस जन्म में भी पूरा नहीं होगा और उन्हें अगले जन्म की तैयारी करनी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि पूर्वांचल में समाजवादी पार्टी ने जितनी सीटें जीती हैं, उनमें 90 प्रतिशत सीटों पर उनकी पार्टी के सहयोग का योगदान रहा है। राजभर ने कहा कि उनके अलावा सपा के पास ऐसा कोई चेहरा नहीं है, जो उस वोट को पार्टी के पक्ष में ला सके। उन्होंने कहा कि इसी वजह से अखिलेश यादव परेशान हैं।

अखिलेश यादव के NDA में सीटों के बंटवारे से जुड़े पोस्ट पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा कि ऐसा लगता है जैसे अखिलेश यादव को NDA का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया गया हो और वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करके आए हों।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

राहुल गांधी के वंदे मातरम का पूरा गीत नहीं गाने के मुद्दे पर राजभर ने कहा कि राहुल गांधी ने केवल इसी मामले में नहीं, बल्कि विदेश यात्राओं के दौरान भी भारत का अपमान किया है।

उन्होंने चुनाव आयोग पर राहुल गांधी के कथित आरोपों को लेकर भी सवाल उठाया और कहा कि जिस चुनाव प्रक्रिया के जरिए चुनाव जीते गए, उसी पर फर्जी मतदान के आरोप लगाए जा रहे हैं। राजभर ने कर्नाटक सरकार को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा।

जौहर विश्वविद्यालय के मुद्दे पर अखिलेश-आजम पर हमला

जौहर विश्वविद्यालय को लेकर हो रही कार्रवाई के सवाल पर राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि विश्वविद्यालय के लिए पैसा सपा ने दिया और भवन का निर्माण भी सपा सरकार के दौरान हुआ, तो उसका नक्शा क्यों पास नहीं कराया गया।

यह भी पढ़ें: सोरेन सरकार को बड़ा झटका! JPSC परीक्षाओं और नियुक्तियों को रद्द करने के फैसले पर हाई कोर्ट ने लगाई रोक

उन्होंने अखिलेश यादव और आजम खान के संबंधों को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि जौहर विश्वविद्यालय समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान ही फला-फूला, न कि NDA गठबंधन के शासन में।

Written By: Pradeep Singh