नई दिल्ली: नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NSDC) और Cultus Education ने Amazon Web Services (AWS) के सहयोग से देशभर में क्लाउड कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्किलिंग प्रोग्राम शुरू किया है। इस पहल का लक्ष्य करीब 1.6 लाख युवाओं को भविष्य की तकनीकी नौकरियों के लिए तैयार करना है।

यह कार्यक्रम सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के युवाओं के लिए शुरू किया गया है, जिसमें खास तौर पर Tier-II और Tier-III शहरों के साथ-साथ वंचित समुदायों के युवाओं पर ध्यान दिया जाएगा।

1.5 लाख युवाओं को मिलेगी AI और Cloud की बेसिक ट्रेनिंग

कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) के अनुसार, इस पहल के तहत करीब 1,50,000 युवाओं को AWS के डिजिटल ट्रेनिंग मॉड्यूल के जरिए AI और क्लाउड टेक्नोलॉजी की शुरुआती जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा 10,000 उम्मीदवारों को AWS re/Start प्रोग्राम के तहत विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। यह एक एंट्री-लेवल कोर्स है, जो युवाओं को क्लाउड क्षेत्र में रोजगार के अवसरों से जोड़ने में मदद करेगा।

जयंत चौधरी बोले- युवाओं को मिलेंगे भविष्य के रोजगार कौशल

कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि यह पहल विकसित भारत के विजन को मजबूत करेगी।

उन्होंने कहा कि अवसर केवल किसी व्यक्ति के स्थान या पृष्ठभूमि पर निर्भर नहीं होना चाहिए। भारत को इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और टैलेंट का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए छोटे शहरों और कस्बों के युवाओं को भी आधुनिक कौशल से लैस करना जरूरी है।

ऑनलाइन माध्यम से मिलेगी ट्रेनिंग

यह पूरा कार्यक्रम Cultus प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य उन युवाओं तक पहुंच बनाना है, जिन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, इंडस्ट्री सर्टिफिकेशन और कंपनियों से सीधे जुड़ने के अवसर नहीं मिल पाते।

AWS ने बताया रोजगार से जोड़ने पर जोर

AWS की APJC स्किलिंग एंड सोशल इम्पैक्ट लीड रानी बर्चमोर ने कहा कि AWS re/Start प्रोग्राम नए टैलेंट को तैयार करता है और उन्हें क्लाउड क्षेत्र में करियर शुरू करने का अवसर देता है।

उन्होंने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य भविष्य के लिए एक मजबूत और विविध क्लाउड वर्कफोर्स तैयार करना है, जिससे कंपनियों को भी कुशल कर्मचारियों की उपलब्धता मिल सके।

ट्रेनिंग में Programming, Networking और Security की पढ़ाई

इस कार्यक्रम में रजिस्टर्ड प्रतिभागी पहले अपनी गति के अनुसार बेसिक कोर्स पूरा करेंगे। इसके बाद उन्हें इंस्ट्रक्टर के नेतृत्व वाली ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसमें शामिल होंगे:

1. Programming
2. Networking
3. Cyber Security
4. Database Management

प्रतिभागी प्रैक्टिकल लैब्स, कोर्सवर्क और सर्टिफिकेशन एग्जाम के जरिए अपनी स्किल्स को प्रमाणित कर सकेंगे।

नेशनल हैकाथॉन से मिलेगा रोजगार का मौका

Cultus Education के ग्रुप मैनेजिंग डायरेक्टर नलिन सिंह ने कहा कि स्किलिंग का असली उद्देश्य युवाओं को आत्मविश्वास, सर्टिफिकेशन और बेहतर करियर अवसर देना है।

यह भी पढ़ें:  सज्जन कुमार को 'रोल मॉडल' बताने पर विवाद, हरियाणा कांग्रेस नेता ने खड़गे को पत्र लिख कर दी हुड्डा को CWC से हटाने की मांग

कार्यक्रम के अंत में नेशनल हैकाथॉन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागी अपने प्रोजेक्ट आइडिया संभावित नियोक्ताओं और इंडस्ट्री विशेषज्ञों के सामने पेश करेंगे।