Independence Day Delhi Traffic Diversion: स्वतंत्रता दिवस समारोह और दिल्ली में होने वाली परेड को देखते हुए नोएडा से दिल्ली जाने वाले लोगों के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा कारणों से कई प्रमुख बॉर्डर और रास्तों पर डायवर्जन लागू कर दिया है।

यह ट्रैफिक डायवर्जन 14 अगस्त की रात 10 बजे से 15 अगस्त को कार्यक्रम खत्म होने तक लागू रहेगा। इस दौरान नोएडा से दिल्ली जाने वाले भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री बसों की दिल्ली में एंट्री प्रतिबंधित रहेगी।ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे परेशानी और जाम से बचने के लिए पहले से अपने रूट की जानकारी लेकर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

चिल्ला, DND और कालिंदी कुंज बॉर्डर पर बदला रास्ता

चिल्ला बॉर्डर

चिल्ला रेड लाइट से दिल्ली जाने वाले वाहनों को यू-टर्न कराया जाएगा। इसके बाद वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे की तरफ भेजे जाएंगे।

DND बॉर्डर

DND टोल प्लाजा से दिल्ली जाने वाले वाहनों को यू-टर्न लेना होगा। इसके बाद वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे की ओर जा सकेंगे।

कालिंदी कुंज बॉर्डर

कालिंदी कुंज से दिल्ली जाने वाले वाहनों को यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन एक्सप्रेसवे के जरिए वैकल्पिक रास्तों पर भेजे जाएंगे।

यमुना एक्सप्रेसवे और परी चौक से भी बदलेगा रूट

यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाने वाले वाहनों को जीरो प्वाइंट से परी चौक, पी-3, कासना और सिरसा के रास्ते ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा।वहीं परी चौक से दिल्ली जाने वाले वाहनों को भी पी-3, कासना और सिरसा होते हुए वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा।इसके अलावा यमुना एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन फ्लैदा कट, रबूपुरा सर्विस रोड, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय और पुस्ता तिराहा होते हुए आगे जा सकेंगे।

इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी छूट

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक मेडिकल इमरजेंसी और फायर सर्विस से जुड़े वाहनों को डायवर्जन से बाहर रखा गया है। ऐसे वाहनों की आवाजाही सामान्य रहेगी।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस के दिन दिल्ली जाने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करें और किसी भी परेशानी की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क करें।

 Written By: Shivashakti Narayan Singh