प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने आज यानी मंगलवार (5 मई) को संयुक्त अरब अमीरात के फुजैरा शहर पर हुए ड्रोन हमलों की कड़ी आलोचना की। इस हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए। बता दें कि यूएई ने इसके लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है।

बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा,'यूएई पर हुए हमलों की मैं कड़ी निंदा करता हूं, जिनमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। आम नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बिल्कुल भी मंजूर नहीं है,' उन्होंने कहा, 'भारत यूएई के साथ पूरी तरह एकजुट है और बातचीत और कूटनीति के जरिए से सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अपना समर्थन दोहराता है।'

होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने होर्मुज जलडमरूमध्य के महत्व पर भी जोर दिया, यह कहते हुए कि इस मार्ग पर सुरक्षित और बिना बाधा के जहाजों का आवागमन क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए अत्यंत आवश्यक है। फुजैरा पर यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और ईरान के बीच इस जलमार्ग को लेकर तनाव बना हुआ है।

इसी रास्ते से गुजरते हैं दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल और गैस

होर्मुज जलडमरूमध्य से दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल और गैस की आपूर्ति होती है, और हालिया तनाव के कारण यहां से गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इसका असर वैश्विक तेल कीमतों पर पड़ा है और कई देशों में ऊर्जा संकट गहराया है।

यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दी ये जानकारी

यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उसने ईरान से दागी गई 12 बैलिस्टिक मिसाइलें, 3 क्रूज मिसाइलें और 4 ड्रोन को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। मंत्रालय ने भरोसा दिलाया कि देश किसी भी खतरे का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है और अपनी सुरक्षा से समझौता नहीं करेगा।

 

Written By Toshi Shah