नई दिल्ली: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में बिगड़ते हालात को लेकर 70 से ज्यादा ब्रिटिश सांसदों ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। सांसदों ने पाकिस्तानी बलों की कार्रवाई पर चिंता जताते हुए नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और हिंसा पर रोक लगाने की अपील की है।
ब्रिटिश सांसदों ने अपने पत्र में कहा कि पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र से मौतों, मनमानी गिरफ्तारियों, संचार पर प्रतिबंध, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में बाधा और शांतिपूर्ण नागरिक एवं राजनीतिक अभिव्यक्ति पर रोक की खबरें लगातार सामने आई हैं। ब्रिटिश कश्मीरियों ने भी अपने रिश्तेदारों और प्रियजनों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है। क्षेत्र में कथित तौर पर कर्फ्यू, नाकाबंदी और संचार प्रतिबंधों के कारण हालात और गंभीर बने हुए हैं। सांसदों ने संयुक्त राष्ट्र से नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
UN भी जता चुका है चिंता
PoK के हालिया घटनाक्रम को लेकर संयुक्त राष्ट्र की ओर से भी चिंता जताई गई है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के सदस्यों की मौत की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की थी। उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकारों पर लगाए गए प्रतिबंधों, इंटरनेट बंद किए जाने और सार्वजनिक सभाओं पर रोक को लेकर भी चिंता व्यक्त की थी।
JAAC के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन
PoK में हुए प्रदर्शनों की अगुवाई संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने की। इन प्रदर्शनों में ट्रांसपोर्टर, छात्र, वकील, कार्यकर्ता और अन्य लोग शामिल रहे। पाकिस्तान ने समिति पर सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने का आरोप लगाते हुए आतंकवाद-रोधी कानूनों के तहत कार्रवाई की है।
ब्रिटिश सांसदों की यह अपील ऐसे समय में सामने आई है, जब PoK में मानवाधिकारों और नागरिक स्वतंत्रताओं को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता लगातार बढ़ रही है।
और पढ़ें: अमेरिका-कनाडा व्यापार वार्ता पर ब्रेक, भड़के ट्रंप ने लगाया 50% टैरिफ; कार्नी बोले- शर्तें अनुचित
मर्टल बीच में ट्रंप का दिखा अलग अंदाज, डांस करते आए नजर; कैरोलिन लेविट ने की जमकर तारीफ