महाराष्ट्र के लिए राहत की खबर है, जहां 12 दिन की देरी के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने राज्य के कई हिस्सों में दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई में मानसून के आगमन की आधिकारिक पुष्टि की है।
मुंबई के लिए लेटेस्ट अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की उत्तरी सीमा इस समय दहानू, वर्धा, रायपुर और मोतिहारी के आसपास बनी हुई है। अगले कुछ दिनों में इसके गुजरात के कुछ हिस्सों तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जबकि महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भी मानसून के आगे बढ़ने का अनुमान है। मुंबई में आमतौर पर मानसून 11 जून तक पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसमें देरी दर्ज की गई है। इससे पहले 2023 में भी मानसून देर से शहर में पहुंचा था।
मुंबई में सुबह से हो रही बारिश
इस बीच मुंबई और आसपास के इलाकों में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। अंधेरी, बांद्रा, मलाड, कांदिवली, दहिसर, पवई, विक्रोली और घाटकोपर जैसे क्षेत्रों में बारिश का असर देखा गया। बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ गिरने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे कुछ इलाकों में परेशानी बढ़ गई है। तेज बारिश और हवाओं के बीच हुई इन घटनाओं ने शहरी इलाकों में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अंधेरी लोखंडवाला में बारिश का कहर, कार पर गिरा पेड़
अंधेरी के लोखंडवाला इलाके में भारी बारिश के दौरान एक बड़ा पेड़ गिरने से एक लग्जरी कार को नुकसान पहुंचा है। घटना मुंबई उपनगर में हुई, जहां तेज बारिश और हवाओं के बीच सोसायटी परिसर में खड़ी कार पर अचानक पेड़ गिर गया। बताया जा रहा है कि यह कार अभिनेत्री खुशी मुखर्जी की थी। पेड़ गिरने से वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के बाद एक बार फिर तेज बारिश और हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर वाहन खड़े करने की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
Written By: Archana Gupta