12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने रविवार को कोलकाता के रेड रोड से देश के सबसे बड़े योग कार्यक्रम का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने हजारों योग प्रेमियों के साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया और देशवासियों को योग अपनाने का संदेश दिया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’रखी गई है। इस विषय का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि बढ़ती उम्र में भी योग के माध्यम से शारीरिक सक्रियता, मानसिक संतुलन और बेहतर जीवन गुणवत्ता बनाए रखी जा सकती है।
#WATCH | कोलकाता, पश्चिम बंगाल | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सामूहिक योग कार्यक्रम के दौरान योगाभ्यास किया।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 21, 2026
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 'स्वस्थ आयु के लिए योग' की थीम के साथ मनाया जा रहा है।
(वीडियो सोर्स: DD न्यूज़) pic.twitter.com/hjd9Uof7pD
कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने योग को केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का आधार बताया। अपने संबोधन में उन्होंने योग की वैश्विक स्वीकार्यता का उल्लेख करते हुए कहा कि आज यह भारत की सांस्कृतिक धरोहर से आगे बढ़कर दुनिया भर में स्वास्थ्य और कल्याण का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने लोगों से नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
#WATCH कोलकाता, पश्चिम बंगाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योग करते हुए लोगों को उनका पोस्चर ठीक करने में मदद कर रहे हैं।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 21, 2026
इस साल के योग दिवस की थीम है 'स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग'
(सोर्स: DD न्यूज़) pic.twitter.com/czUyzRLvBk
विशेषज्ञों ने कही ये बात
कोलकाता में आयोजित इस बार के कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और प्रतिभागियों की सुविधाओं के लिए व्यापक तैयारियां की थीं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के आयोजन न केवल योग के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान और सॉफ्ट पावर को भी वैश्विक स्तर पर मजबूती प्रदान करते हैं।
2,500 स्थानों पर हुए कार्यक्रम आयोजित
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विश्वभर में लगभग 2,500 स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें 210 से अधिक भारतीय मिशन और राजनयिक केंद्र भी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। इससे योग के बढ़ते वैश्विक प्रभाव का अंदाजा लगाया जा सकता है। बता दें कि इससे पहले प्रधानमंत्री नई दिल्ली, चंडीगढ़, लखनऊ, मैसूरु, न्यूयॉर्क शहर, श्रीनगर औरविशाखापत्तनम सहित कई स्थानों से योग दिवस कार्यक्रमों का नेतृत्व कर चुके हैं।
2015 से शुरू हुई थी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत वर्ष 2015 में हुई थी, जब United Nations General Assembly ने भारत के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। तब से हर वर्ष प्रधानमंत्री देश और विदेश के विभिन्न शहरों में आयोजित प्रमुख कार्यक्रमों में भाग लेते रहे हैं।
Written By Toshi Shah