ओटीटी की दुनिया में धमाल मचाने वाली वेब सीरीज 'मिर्जापुर' अब सिनेमाघरों में अपना जलवा दिखाने के लिए तैयार है। सीरीज की जबरदस्त लोकप्रियता के बाद मेकर्स ने इसका फिल्म वर्जन बनाने का ऐलान किया था, जिसका फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। अब आखिरकार 'मिर्जापुर: द मूवी' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है।

गद्दी की जंग फिर होगी शुरू
'मिर्जापुर: द मूवी' के ट्रेलर में एक बार फिर सत्ता, बदला और बाहुबल की वही दुनिया देखने को मिलती है, जिसने दर्शकों को सीरीज से जोड़े रखा था। ट्रेलर की शुरुआत दमदार डायलॉग से होती है- "गद्दी ना तो सियासत से मिलती है और ना ही विरासत से... गद्दी मिलती है बाहुबल से।" इस एक लाइन से ही साफ हो जाता है कि फिल्म की कहानी एक बार फिर मिर्जापुर की गद्दी पर कब्जे की लड़ाई के इर्द-गिर्द घूमने वाली है। इस बार मुकाबला पहले से बड़ा होगा और पुराने किरदारों के साथ नए चेहरे भी सत्ता के खेल में उतरते नजर आएंगे।

यह भी पढ़ें: थलपति विजय और पत्नी संगीता के बीच सुलह? 27 साल पुराना रिश्ता टूटने से बचा, फैमिली कोर्ट से वापस ली तलाक की अर्जी

बड़े पर्दे पर लौटे कालीन भैया और गुड्डू पंडित
फिल्म में मिर्जापुर की दुनिया के कई पुराने और लोकप्रिय किरदार वापसी कर रहे हैं। कालीन भैया, मुन्ना भैया और गुड्डू पंडित एक बार फिर दर्शकों के सामने होंगे। हालांकि इस बार कहानी सिर्फ पूर्वांचल तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि एक बड़े सिनेमाई विस्तार के साथ नए इलाकों और नई चुनौतियों को दिखाया जाएगा।ट्रेलर में रवि किशन की एंट्री कहानी में बड़ा ट्विस्ट लेकर आती है। गद्दी के लिए चल रही सियासत, दुश्मनी और चालों का खेल फिल्म को और भी रोमांचक बनाने वाला है।

स्टारकास्ट में दिखेंगे बड़े नाम
'मिर्जापुर: द मूवी' में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, श्वेता त्रिपाठी समेत कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। इसे अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने मिलकर बनाया है। फिल्म हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी।

'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मिर्जापुर की गद्दी पर आखिर किसका राज कायम होता है।

Written by Rozi Sinha