ईरान ने अपने पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन के बाद आयोजित किए जा रहे राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भारत के कई प्रमुख नेताओं को औपचारिक निमंत्रण भेजा है। यह शोक समारोह 4 से 9 जुलाई 2026 तक तेहरान, कोम और मशहद में अलग-अलग चरणों में आयोजित किया जाएगा।

ईरान जाएंगी महबूबा मुफ्ती

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने एक न्यूज चैनल से बातचीत में अपनी ईरान यात्रा की पुष्टि करते हुए कहा कि यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो वह अंतिम संस्कार में शामिल होंगी। यात्रा के दौरान वह ईरानी नेतृत्व और वहां के नागरिकों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के साथ दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगी।

कई अन्य प्रमुख नेता भी होंगे शामिल

सूत्रों के अनुसार, यह निमंत्रण केवल महबूबा मुफ्ती तक सीमित नहीं है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई अन्य प्रमुख नेताओं को भी राजनयिक माध्यमों से आमंत्रित किया गया है। इनमें नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी, जम्मू-कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के नेता इमरान अंसारी, लद्दाख के सांसद मोहम्मद हनीफा तथा शिया धर्मगुरु मसरूर अब्बास अंसारी और आगा सैयद हसन मोसावी अल सफवी शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी मिला है निमंत्रण

ईरान की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आधिकारिक निमंत्रण भेजा गया था। हालांकि, पहले से निर्धारित इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की विदेश यात्राओं के कारण उनके कार्यक्रम में शामिल होना संभव नहीं हो पाया। ऐसे में भारत सरकार की ओर से एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल अंतिम संस्कार में भाग लेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा शामिल होंगे।

विभिन्न देशों के कई राजनीतिक प्रतिनिधि होंगे शामिल

ईरानी नेता के निधन के बाद तेज हुई कूटनीतिक गतिविधियों के बीच इस समारोह में विभिन्न देशों के कई राजनीतिक प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है। भारतीय प्रतिनिधियों में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद, पवन खेड़ा, भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी तथा सांसद इमरान मसूद और अफजल अंसारी के शामिल होने की भी चर्चा है।

 

Written By Toshi Shah