Ghaziabad Gaur Green Avenue fire: बुधवार 29 अप्रैल को गाजियाबाद की गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा कि आग तेरह मंजिला इमारत की 9वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में सबसे पहले लगी थी। देखते ही देखते आग की चपेट में कई फ्लैट आ गए। 9वीं से 12 वीं मंजिल तक 8 फ्लैट पूरी तरह जलकर खाक हो चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं और आग बुझाने में जुट गई। वहीं पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।

चश्मदीदों ने क्या कहा?

12वें फ्लोर पर रहने वाले सुनील का कहना है कि वह दिल्ली में थे। जैसे ही उन्हें आग लगने की खबर मिली, उन्होंने परिवार से बात की। तो पता चला परिवार बड़ी मुश्किल से फ्लैट से बाहर निकला है। उनका आरोप है कि सोसाइटी में आग पर काबू करने के कोई भी इंतजाम नहीं है। बिल्डर को कुछ इंतजाम करने चाहिए। फ्लैट की कीमत ढाई करोड़ रुपए है, जो पूरी तरीके से जल गया है।

घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं

आग इतनी भयावह थी कि एक टावर से दूसरे टावर तक लपटें फैल गईं। वहां के भी 2 फ्लैट इस आग के चपेट में आ गए। हालांकि, राहत की बात यह है कि आग लगते ही सोसाइटी में मौजूद लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए इमारत खाली कर दी। जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जिला मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार मंदार ने क्या कहा?

गाजियाबाद जिला मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार मंदार ने इस घटना पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यहां कुल 8 फ्लैटों में आग लगी थी। आग पर काबू पा लिया गया है। 17 फायर टैंडर यहां लगे हुए हैं। हमने यहां मेडिकल और रिलीफ कैंप बना दिए हैं।

मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियां

वहीं घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। लगभग 20 से अधिक फायर टेंडर्स आग बुझाने में जुटे हुए हैं। इसके अलावा एंबुलेंस और पुलिस बल भी मौके पर तैनात कर दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। आग पर काबू पाने की कोशिशें की जा रही हैं।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

आग लगने के कारणों को लेकर शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, जांच के बाद ही आग लगने क पीछे के कारणों का पता चल पाएगा। प्रशासन ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिया हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना पर संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी को मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखने के आदेश दिए हैं।

Written By: Geeta Sharma