कोलंबिया में आए भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। बता दें कि कोलंबिया में आए 7.4 तीव्रता ने पश्चिमी हिस्से में बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। अब तक कम से कम 111 लोगों की जान जाने की सूचना है, जबकि 87 लोग घायल बताए जा रहे हैं। भूकंप के झटकों से करीब 1,575 मकानों को नुकसान पहुंचा है और कई घर पूरी तरह ढह गए हैं। इसके अलावा 61 इमारतों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। भूकंप के बाद कई इलाकों में लोग अपने परिवार के सदस्यों की तलाश में जुटे हैं। आशंका है कि कुछ लोग अब भी क्षतिग्रस्त इमारतों और मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। प्रशासन और राहत एजेंसियों की टीमें लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं।
दूसरे दिन तेज हुआ राहत और बचाव कार्य
भूकंप के अगले दिन राहत एवं बचाव अभियान को और गति दी गई। पश्चिमी कोलंबिया के कैली, क्विब्डो, पेरेइरा समेत आसपास के इलाकों में बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर मलबे की जांच कर रहे हैं। राष्ट्रपति की ओर से सोमवार दोपहर दी गई जानकारी के मुताबिक, उस समय तक भूकंप से कम से कम 111 लोगों की मौत हो चुकी थी। नुकसान का शुरुआती आकलन बताता है कि लगभग 1,600 इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं या पूरी तरह गिर गई हैं। कई परिवार अभी भी अपने लापता परिजनों को खोजने के लिए मलबे के आसपास मौजूद हैं। लापता लोगों की जानकारी जुटाने और उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने के लिए स्थानीय नागरिकों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सहारा भी लिया है।
बच्चों के लिए सुरक्षित ठिकाने तैयार कर रही राहत एजेंसियां
भूकंप से प्रभावित बच्चों की सुरक्षा को लेकर राहत संगठनों ने विशेष व्यवस्था शुरू की है। वर्ल्ड विजन कोलंबिया की संचार समन्वयक बारबरा मेलो के अनुसार, प्रभावित इलाकों में बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान तैयार किए जा रहे हैं। इन केंद्रों में ऐसे बच्चों को रखा जाएगा, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या किसी कारणवश उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। बच्चों को सुरक्षित वातावरण देने के साथ-साथ इन जगहों पर खेल और अन्य मनोरंजक गतिविधियों की भी व्यवस्था की जाएगी। इसका उद्देश्य आपदा के बाद बच्चों पर पड़े मानसिक दबाव को कम करना और उन्हें सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
Colombia Earthquake : कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही#ColombiaEarthquake #Earthquake #EarthquakeNews #BreakingNews #WorldNews #tnpnews pic.twitter.com/ayO9jCuZGY
— TNP NEWS (@TNPNEWS1) August 11, 2026
चोको में राहत कार्य के सामने बड़ी चुनौतियां
भूकंप का केंद्र चोको क्षेत्र में बताया गया है। यह इलाका पहले से ही गरीबी और बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। क्षेत्र में सशस्त्र समूहों की गतिविधियां भी लंबे समय से चुनौती बनी हुई हैं, जिससे राहत कार्य और प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाना और कठिन हो गया है। भौगोलिक परिस्थितियां भी बचाव दलों के लिए बड़ी बाधा बन रही हैं। घने जंगलों और दुर्गम इलाकों के कारण कई स्थानों तक सड़क मार्ग से पहुंचना संभव नहीं है। ऐसे क्षेत्रों में राहत सामग्री और बचाव दलों को नाव या विमान के जरिए पहुंचाया जा रहा है।
राष्ट्रपति ने क्विब्डो पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया
कोलंबिया के राष्ट्रपति अबेलार्डो डी ला एस्प्रीएला सोमवार रात चोको क्षेत्र की राजधानी क्विब्डो पहुंचे, उन्होंने भूकंप से प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। प्रशासन का फोकस फिलहाल मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को इलाज उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों तक जरूरी सहायता पहुंचाने पर है। राहत टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में अभियान चला रही हैं।
Written By Toshi Shah