वेनेजुएला में आए 2 शक्तिशाली भूकंपों ने व्यापक तबाही मचा दी है। राजधानी काराकस सहित देश के कई प्रमुख शहरों में हजारों इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में नागरिक सुरक्षित स्थानों की ओर भागने को मजबूर हो गए। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
पीएम मोदी ने जताया दुख
इस भीषण आपदा पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए वेनेजुएला सरकार और वहां के नागरिकों के प्रति संवेदना प्रकट की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला के साथ मजबूती से खड़ा है और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।
Deeply saddened by the devastation caused by the severe earthquakes in Venezuela.
— Narendra Modi (@narendramodi) June 25, 2026
On behalf of the people of India, I extend our heartfelt condolences to the Government and people of Venezuela, especially to the families who have lost their loved ones. We pray for the speedy…
उन्होंने उन परिवारों के प्रति भी शोक संवेदना व्यक्त की, जिन्होंने इस प्राकृतिक आपदा में अपने प्रियजनों को खो दिया है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
वेनेजुएला में आपातकाल की घोषणा
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है। उन्होंने राष्ट्र को संबोधित करते हुए भूकंप से हुई जानमाल की क्षति की पुष्टि की और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। हालांकि, उन्होंने मृतकों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है। सरकार ने सेना, आपदा प्रबंधन एजेंसियों और स्वास्थ्य सेवाओं को राहत कार्यों में पूरी क्षमता के साथ जुटा दिया है।
भूकंप से बिजली और संचार सेवाएं बाधित
भूकंप के बाद कई क्षेत्रों में बिजली और संचार सेवाएं बाधित हो गई हैं। सड़कों पर दरारें पड़ने और भवनों के ढहने से राहत कार्यों में भी चुनौतियां सामने आ रही हैं। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं।
आपदा में मरने वालों की संख्या 10 हजार बताई जा रही
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के शुरुआती आकलन ने चिंता और बढ़ा दी है। संस्था के अनुसार, इस आपदा में मरने वालों की संख्या 10 हजार से अधिक हो सकती है। प्रारंभिक अनुमान में मृतकों की संख्या 10,000 से 100,000 के बीच होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, वास्तविक आंकड़े राहत और बचाव कार्यों के आगे बढ़ने के साथ ही स्पष्ट हो पाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने वेनेजुएला के प्रति व्यक्त की सहानुभूति
अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भी वेनेजुएला के प्रति सहानुभूति व्यक्त की है। कई देशों और संगठनों ने सहायता की पेशकश की है। फिलहाल पूरे देश की निगाहें राहत और पुनर्वास कार्यों पर टिकी हैं, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द मदद पहुंचाई जा सके।
Written By: Geeta Sharma