Viral News: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो चर्चा में है, जिसमें चोरी के आरोप में पकड़े गए एक शख्स के साथ गांव वालों का अनोखा व्यवहार देखने को मिल रहा है।
आमतौर पर चोरी करते पकड़े जाने पर लोगों का गुस्सा भड़क जाता है और आरोपी को डांट-फटकार या पुलिस के हवाले करने की बात होने लगती है। लेकिन इस मामले में गांव वालों ने पहले आरोपी को खाना खिलाया और उसके बाद पूछताछ करने की बात कही।
वीडियो में कुछ लोग चोरी के आरोप में पकड़े गए शख्स के आसपास दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान उसे आराम से रोटी-सब्जी खिलाई जा रही है। शख्स भी बिना किसी विरोध के खाना खाता नजर आता है। उसके चेहरे पर जहां भूख दिखाई देती है, वहीं साथ ही आगे होने वाली पूछताछ को लेकर चिंता भी साफ नजर आती है।
बुजुर्ग ने दिया मजेदार जवाब
वीडियो रिकॉर्ड कर रहा व्यक्ति गांव के एक बुजुर्ग से पूछता है कि आखिर इस आदमी ने क्या किया है। बुजुर्ग सहज अंदाज में बताते हैं कि शख्स चोरी करते हुए पकड़ा गया है। इसके बाद जब उनसे पूछा जाता है कि चोरी के आरोपी को खाना क्यों खिलाया जा रहा है, तो उनका जवाब लोगों का ध्यान खींच लेता है। बुजुर्ग कहते हैं कि अगर उसे कुछ हो गया तो उसका जवाब कौन देगा। उनका मतलब साफ था कि गलती करने वाले व्यक्ति को भी भूखा नहीं रखा जा सकता। पहले उसका पेट भरना जरूरी है, उसके बाद चोरी को लेकर पूछताछ और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: संपत्ति के विवाद में देवर बना भाभी के खून का प्यासा बना देवर, और फिर.....
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में मौजूद लोगों की यह सोच सोशल मीडिया यूजर्स को भी काफी दिलचस्प लग रही है। वीडियो शेयर करने वाले X यूजर ब्योमकेश (@byomkesbakshy) ने इसे पोस्ट किया है। वीडियो में मजाकिया अंदाज में बिहार की इंसानियत का भी जिक्र किया गया है। इस पूरे मामले की सबसे खास बात यही है कि गांव वालों ने गुस्से के बजाय पहले इंसानियत दिखाई। चोरी का आरोप अपनी जगह है, लेकिन भूखे व्यक्ति को खाना खिलाने का उनका तरीका सोशल मीडिया पर लोगों को सोचने और मुस्कुराने, दोनों का मौका दे रहा है।
Written By: Geeta Sharma