जांच एजेंसियों के हवाले से सामने आई रिपोर्ट के अनुसार पहलगाम में हुए पिछले साल के आतंकी हमले की जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त पड़ताल में दो ऐसे मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनका सीधा संबंध पाकिस्तान से जुड़ी सप्लाई चेन से बताया जा रहा है।
आतंकियों के फोन हुआ चालू
जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ में मारे गए तीन आतंकियों के पास से Xiaomi की Redmi सीरीज़ के दो फोन मिले। एक Redmi 9T और दूसरा Redmi Note 12। ये फोन 2021 और 2023 में खरीदे गए थे, लेकिन लंबे समय तक निष्क्रिय रहे और इन्हें हमले के दौरान ही पहली बार सक्रिय किया गया।
रिपोर्ट में ये बात आई सामने
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि 2021 में कराची की एक कंपनी ने Redmi 9T की एक बड़ी खेप मंगाई थी, जिसकी भुगतान व्यवस्था पाकिस्तान के एक बैंक के जरिए हुई थी और डिलीवरी से जुड़े दस्तावेजों में कराची स्थित एक बैंक शाखा का पता दर्ज था। वहीं दूसरा फोन 2023 में लाहौर की एक कम्युनिकेशन कंपनी के जरिए खरीदे जाने की बात सामने आई है।
हमले के समय यही फोन हुए थे इस्तेमाल
इन मोबाइल्स के नेटवर्क डेटा और सक्रियता पैटर्न से जांच एजेंसियों को यह संकेत मिला है कि इन्हें हमले के समय ऑपरेशनल तौर पर इस्तेमाल किया गया था।
22 अप्रैल 2025 को हुआ था अटैक
बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें अधिकतर पर्यटक शामिल थे। हमले की जिम्मेदारी द रेजिस्टेंस फ्रंट ने ली थी, जिसे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ माना जाता है। इसके बाद जवाबी कार्रवाई के तौर पर भारतीय सुरक्षा बलों ने मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के तहत सीमा पार और नियंत्रण रेखा के आसपास कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था।
Written By Toshi Shah