दिल्ली हाई कोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के एक्स अकाउंट को दोबारा चालू करने का आदेश दिया है। यह फैसला पार्टी से जुड़े अभिजीत दिपके की याचिका पर सुनाया गया। केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि अकाउंट को इसलिए ब्लॉक किया गया था क्योंकि उस पर साझा की गई पोस्टों से NEET परीक्षा के दौरान छात्रों और अभिभावकों के बीच भ्रम और अफरा-तफरी फैलने की आशंका थी।

दिल्ली हाई कोर्ट ने कही ये बात                  

सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने कहा कि अब NEET परीक्षा पूरी हो चुकी है, इसलिए सरकार द्वारा जताई गई आशंका मौजूदा परिस्थितियों में प्रासंगिक नहीं रह गई है। इसी आधार पर अदालत ने याचिका स्वीकार करते हुए एक्स अकाउंट को अनब्लॉक करने का निर्देश दिया। साथ ही कोर्ट ने अकाउंट ब्लॉक करने के आदेश को रद्द करते हुए स्पष्ट किया कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर लगाए गए किसी भी प्रतिबंध की कानूनी कसौटी पर निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है।

कॉकरोच जनता पार्टी के बारे में

कॉकरोच जनता पार्टी हाल के महीनों में सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बनी थी। शुरुआत में इसे एक व्यंग्यात्मक और मीम-आधारित पहल के रूप में देखा गया, लेकिन कुछ ही समय में इसे व्यापक जनसमर्थन मिलने लगा। सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता इतनी तेजी से बढ़ी कि इंस्टाग्राम पर अकाउंट शुरू होने के कुछ दिनों के भीतर ही करोड़ों लोग इससे जुड़ गए। वर्तमान में इसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2.19 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं।

CJP की तेज़ी से बढ़ती लोकप्रियता बनी चर्चा का विषय

एक्स पर भी CJP की तेज़ी से बढ़ती लोकप्रियता चर्चा का विषय रही। समय के साथ यह केवल ऑनलाइन व्यंग्य तक सीमित नहीं रही, बल्कि विभिन्न सार्वजनिक मुद्दों पर अभियान और विरोध प्रदर्शनों से भी जुड़ गई। इसके समर्थकों ने कई मामलों में सरकार और केंद्रीय मंत्रियों की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई, जिसके कारण यह सोशल मीडिया से निकलकर सार्वजनिक विमर्श का हिस्सा बन गई।

 

 

Written By Toshi Shah