राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफे को बैठक में आम सहमति से मंजूरी दे दी गई। हालांकि, इस फैसले की ट्रस्ट की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि स्वामी गोविंद गिरी महाराज ने दोनों के इस्तीफे का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी सदस्यों ने स्वीकार कर लिया। चंपत राय के करीबी लोगों का कहना है कि वह बिना किसी पद के भी प्रभु श्रीराम की सेवा करते रहेंगे।
बैठक में ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास समेत कई प्रमुख सदस्य शामिल
बैठक में ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, स्वामी गोविंद गिरी महाराज, स्वामी विश्वप्रसन्न तीर्थ, कृष्ण मोहन सहित कई प्रमुख सदस्य शामिल हुए। वहीं, बैठक में पहुंचे गोपाल राव को ट्रस्टी नहीं होने का हवाला देते हुए शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई। ट्रस्ट की ओर से बैठक में लिए गए निर्णयों पर आधिकारिक बयान जारी किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
चढ़ावे की चोरी के मामले पर विस्तार से चर्चा हुई
बैठक के दौरान चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर विस्तार से चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार, वासुदेवानंद सरस्वती ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। कृष्ण मोहन ने बताया कि शुरुआती जांच में अनियमितताएं सामने आने के बाद एफआईआर दर्ज कराई गई थी। वहीं, स्वामी परमानंद गिरी ने कहा कि धार्मिक संस्थाओं में पारदर्शिता और श्रद्धालुओं के विश्वास की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
संजय प्रसाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए
उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। SIT अपनी जांच रिपोर्ट पहले ही उन्हें सौंप चुकी है। बैठक में SIT की रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा की गई और सदस्यों ने जांच प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही यह भी माना गया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने की आवश्यकता है।
अलावा महासचिव पद के लिए नामों पर हुई चर्चा
बैठक में ट्रस्ट की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति पर भी विचार किया गया। इसके अलावा महासचिव पद के लिए तीन नामों—विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री बजरंग बागड़, बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दौनेरिया और सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी कृष्ण मोहन—पर चर्चा हुई।
घटना ने उन्हें बेहद आहत किया: महंत नृत्य गोपाल दास
बैठक से पहले ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि श्रीराम लला मंदिर में दान से जुड़ी इस घटना ने उन्हें बेहद आहत किया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का विषय है और उन्हें राज्य व केंद्र सरकार पर निष्पक्ष कार्रवाई का पूरा विश्वास है।
Written By: Geeta Sharma