इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत चार वर्षीय स्नातक (FYUP) पूरा कर चुके छात्रों के लिए एक वर्षीय मास्टर्स प्रोग्राम शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों, खासकर वर्किंग प्रोफेशनल्स, को कम समय में पोस्टग्रेजुएट डिग्री हासिल करने का मौका देना है, ताकि वे बेहतर करियर और नई नौकरियों के लिए आवेदन कर सकें।
16 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन
इन नए मास्टर्स प्रोग्राम में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 16 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले APAAR ID होना जरूरी है। वहीं, योग्य छात्र नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से छात्रवृत्ति के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
किन छात्रों के लिए है यह कोर्स?
यह कार्यक्रम केवल उन छात्रों के लिए है जिन्होंने Four-Year Undergraduate Programme (FYUP) सफलतापूर्वक पूरा किया है। ऐसे छात्र अब सिर्फ एक साल में मास्टर्स डिग्री पूरी कर सकेंगे। IGNOU का कहना है कि यह कदम NEP 2020 के तहत उच्च शिक्षा को अधिक लचीला और छात्र-केंद्रित बनाने की दिशा में उठाया गया है।
यह भी पढ़ें: सेंट्रल यूनिवर्सिटी में गेस्ट फैकल्टी कैसे बनें? जानिए योग्यता, आवेदन प्रक्रिया और सैलरी
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के दौरान एक बार फोटो, हस्ताक्षर और अन्य आधिकारिक दस्तावेज अपलोड होने के बाद उनमें किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी जानकारी और दस्तावेज सावधानीपूर्वक जांचने के बाद ही सबमिट करें।
इन 9 विषयों में मिलेगा दाखिला
IGNOU ने फिलहाल नौ एक वर्षीय मास्टर्स प्रोग्राम शुरू किए हैं, जिनमें शामिल हैं—
- एमए इकोनॉमिक्स
- एमए सोशियोलॉजी
- एमए हिस्ट्री
- एमकॉम
- एमए जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- एमए इंग्लिश
- एमए हिंदी
- एमए संस्कृत
- एमए उर्दू
क्यों अहम है यह पहल?
नई शिक्षा नीति 2020 के तहत चार वर्षीय ग्रेजुएशन करने वाले छात्रों को एक वर्ष में मास्टर्स करने का विकल्प दिया गया है। IGNOU का यह नया कार्यक्रम उसी व्यवस्था को लागू करता है। इससे छात्रों को कम समय में उच्च शिक्षा पूरी करने, अपने कौशल को बढ़ाने और रोजगार के बेहतर अवसर हासिल करने में मदद मिलेगी।
Written by Rozi Sinha