भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 मई को दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज तूफान का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पंजाब सहित करीब 15 राज्यों में मौसम अचानक बदल सकता है। कई इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में फिर से भीषण तूफान आने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
जानें दिल्ली के हाल
दिल्ली में 17 और 18 मई को धूल भरी आंधी और तेज तूफानी हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। रात के समय बिजली चमकने और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं 18 मई को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 21 मई तक तापमान में मामूली गिरावट के संकेत हैं।
यूपी में गर्मी से हाल बेहाल
उत्तर प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी का दौर जारी है। बांदा में तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जबकि प्रयागराज और झांसी में भी पारा 44 डिग्री के पार दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश का मौसम शुष्क बना रह सकता है। राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आज आसमान साफ रहने की संभावना है।
लगातार बढ़ रही है गर्मी
राजस्थान में भी गर्मी लगातार बढ़ रही है। जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार 17 मई से तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। 17 और 18 मई को बीकानेर संभाग, शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर के उत्तरी इलाकों में तेज आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
बारिश और आंधी की चेतावनी जारी
बिहार में कई जिलों के लिए बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। गया, जहानाबाद, औरंगाबाद, पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, भागलपुर, पूर्णिया, मुंगेर, रोहतास, कैमूर, दरभंगा, मधुबनी, कटिहार और बेगूसराय में तेज बारिश और तूफान का असर देखने को मिल सकता है। पटना में 17 और 18 मई को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पहाड़ी इलाके में छाए रहेंगे बादल
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, सोलन, कुल्लू, शिमला और चंबा जिलों में 17 और 18 मई को बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मनाली में इस दौरान अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
उधर बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव का असर तमिलनाडु में भी दिखाई देने लगा है। कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है। IMD ने अगले कुछ दिनों के लिए भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। 18 मई को डिंडीगुल, थेनी, कोयंबटूर और नीलगिरि जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
Written By Toshi Shah