केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के कार्यालय में महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। मंत्रालय ने निजी सचिव अमर सिंह सहित तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान दायित्वों से मुक्त कर दिया है। इस कार्रवाई में अतिरिक्त निजी सचिव आयुष शरण और शैलेश कुमार सिंह भी शामिल हैं।
अमर सिंह को मूल कैडर में लौटने का निर्देश
इस संबंध में पर्यावरण मंत्रालय ने 3 जुलाई 2026 को आधिकारिक कार्यालय आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, यह निर्णय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के 2 जुलाई 2026 के निर्देश और सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद लिया गया है। आदेश में कहा गया है कि 2010 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी अमर सिंह को उनके मूल विभाग, राजस्व विभाग, वापस भेजा गया है। उन्हें तत्काल अपने मूल कैडर में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
शैलेश कुमार सिंह और आयुष शरण भी तत्काल प्रभाव से पदमुक्त
वहीं, अतिरिक्त निजी सचिव शैलेश कुमार सिंह को भी निर्धारित कार्यकाल पूरा होने से पहले ही उनके मूल कैडर में भेजने का फैसला लिया गया है। उन्हें तुरंत DoPT में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा अतिरिक्त निजी सचिव आयुष शरण को भी सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है।
मंत्रालय ने फेरबदल के पीछे के कारण का नहीं किया खुलासा
यह आदेश मंत्रालय के उप सचिव विभूति पंजियार के हस्ताक्षर से जारी हुआ है। इसकी प्रतियां प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), कैबिनेट सचिवालय, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों को भेजी गई हैं, जिससे इस प्रशासनिक बदलाव के महत्व का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि, मंत्रालय ने इस फेरबदल के पीछे किसी विशेष कारण का खुलासा नहीं किया है। साथ ही, अभी तक यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि मंत्री भूपेंद्र यादव के नए निजी सचिव के रूप में किस अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी।
Written By Toshi Shah