बॉलीवुड अभिनेत्री महिमा चौधरी अपनी बेटी अरियाना को लेकर अक्सर चर्चा में रहती हैं। सोशल मीडिया पर अरियाना की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और वह अब फैंस की पसंदीदा स्टारकिड्स में शामिल हो चुकी हैं। उनकी क्यूटनेस और सादगी लोगों को काफी पसंद आती है। इसी वजह से फैंस लंबे समय से उनके बॉलीवुड डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, इन दिनों अरियाना अपने डेब्यू को लेकर नहीं, बल्कि एक अमेरिकी अभिनेत्री से तुलना के कारण सुर्खियों में हैं।
अरियाना की तुलना अभिनेत्री मिका अब्दुल्ला से की जा रही
हाल ही में प्राइम वीडियो की लोकप्रिय सीरीज ‘ऑफ कैंपस’ में नजर आ रही अभिनेत्री मिका अब्दुल्ला को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने अरियाना की तुलना उनसे करनी शुरू कर दी। सीरीज में मिका ‘ऐली हेस’ का किरदार निभा रही हैं। कई लोगों का मानना है कि मिका और अरियाना की शक्ल-सूरत काफी हद तक मिलती-जुलती है। यूजर्स ने सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए कहा कि उनकी आंखें, मुस्कान, नाक और यहां तक कि हेयरस्टाइल भी एक जैसे लगते हैं।
महिमा चौधरी ने दी अपनी प्रतिक्रिया
इस वायरल तुलना पर अब महिमा चौधरी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार ऐसे संदेश और तस्वीरें आ रही हैं, जिनमें लोग अरियाना और मिका की समानता की चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके दोस्त, रिश्तेदार और फैंस भी उन्हें मिका की तस्वीरें और वीडियो भेज रहे हैं।
'अभिनेत्री मुझे मिका अब्दुल्ला बेहद पसंद हैं'
महिमा चौधरी ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि उन्हें मिका अब्दुल्ला बेहद पसंद हैं और वह एक शानदार अभिनेत्री हैं। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि अलग-अलग महाद्वीपों में रहने वाले दो लोगों के बीच इतनी समानता होना काफी दिलचस्प है। महिमा ने बताया कि कई लोगों को तो यह भी गलतफहमी हो गई कि मिका की जगह स्क्रीन पर अरियाना नजर आ रही हैं और उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया है।
अरियाना ने अभी तक एक्टिंग शुरू नहीं की: महिमा चौधरी
हालांकि,महिमा ने स्पष्ट किया कि अरियाना ने अभी तक एक्टिंग शुरू नहीं की है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनकी बेटी अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे रही हैं। हाल ही में अरियाना ने 12वीं की परीक्षा पास की है। महिमा का कहना है कि यदि भविष्य में उनकी बेटी अभिनय को करियर के रूप में चुनती हैं, तो उन्हें बेहद खुशी होगी। महिमा ने यह भी कहा कि किसी प्यारे और प्रतिभाशाली व्यक्ति से तुलना होना हमेशा अच्छा लगता है। यही कारण है कि वह इस तुलना से खुश हैं और इसे एक तारीफ के रूप में देखती हैं।
Written By: Geeta Sharma