Lucknow Fire News: राजधानी लखनऊ के तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ईगल पेंट फैक्ट्री में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में पेंट के साथ पेट्रोल, केरोसिन और अन्य ज्वलनशील सामग्री के भारी मात्रा में कंटेनर रखे होने से आग के तेजी से फैलने और धमाकों का खतरा पैदा हो गया। देखते ही देखते फैक्ट्री से ऊंची लपटें उठने लगीं और पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

8 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
आग की सूचना मिलते ही आलमबाग, सरोजनी नगर, पीजीआई, चौक और हजरतगंज फायर स्टेशनों से दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। राहत की बात रही कि हादसे के समय फैक्ट्री बंद थी और अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।

बीए सेट पहनकर बेसमेंट में उतरे दमकलकर्मी
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने बेहद जोखिम भरा ऑपरेशन चलाया। फैक्ट्री के बेसमेंट में घना धुआं भर गया था। ऐसे में अग्निशमन कर्मियों ने बीए सेट पहनकर बेसमेंट में प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। धुएं की वजह से अंदर राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। इसके बावजूद दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे रहे।

फोम और पानी की बौछार से बुझाई आग
ज्वलनशील पदार्थों के कारण लगी आग को नियंत्रित करने के लिए फैक्ट्री की छत से लगातार फोम और पानी की बौछार की गई। दमकल की टीमों ने आग को दूसरे हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए चारों तरफ से मोर्चा संभाला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर तैनात किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में राहत और बचाव अभियान चलाया गया।

डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
दमकलकर्मियों की करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू होने के कारण इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फैक्ट्री में रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण हादसा बेहद गंभीर हो सकता था, लेकिन दमकल और एसडीआरएफ की टीम की तत्परता से बड़ा नुकसान टल गया।

और पढ़ें: राम मंदिर के पुजारियों के लिए नया ड्रेस कोड लागू, हल्के पीले रंग के रेशमी वस्त्रों में नजर आएंगे अर्चक 

Written by Shailesh Yadav