फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में दुनिया के बड़े नेताओं ने वैश्विक अर्थव्यवस्था, युद्ध और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की। लेकिन इस बार सम्मेलन सिर्फ राजनीतिक बैठकों तक सीमित नहीं रहा। हॉट माइक में रिकॉर्ड हुई कुछ अनौपचारिक बातचीतों ने समिट को और भी दिलचस्प बना दिया। नेताओं के बीच हुए मजाक, हल्के-फुल्के संवाद और निजी टिप्पणियां सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही हैं।

एक बार फिर चर्चा में जियोर्जिया मेलोनी

सबसे पहले चर्चा इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी की हुई, जिन्होंने बताया कि उन्होंने 1 मई से सिगरेट छोड़ दी है। यह सुनते ही वहां मौजूद नेताओं ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मजाक में पूछा कि क्या उन्होंने निकोटिन पैच का इस्तेमाल किया है। इस पर सभी नेता हंस पड़े और माहौल हल्का हो गया।

राजनीति के साथ-साथ फुटबॉल पर भी चर्चा

राजनीति के साथ-साथ फुटबॉल भी चर्चा का विषय बना। नेताओं ने फीफा विश्व कप और क्लब फुटबॉल पर बातचीत की। फ्रांस की राष्ट्रीय टीम और पीएसजी की हालिया सफलता का जिक्र हुआ, जबकि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने एक मैच के परिणाम को लेकर अपनी राय साझा की।

'अगर वह छोड़ गए हैं तो मुझे दे दो'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी अपने मजाकिया अंदाज के कारण सुर्खियों में रहे। जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपनी घड़ी भूल गए, तो ट्रंप ने हंसते हुए कहा, 'अगर वह छोड़ गए हैं तो मुझे दे दो' इस टिप्पणी पर आसपास मौजूद सभी नेता मुस्कुरा उठे।

समिट में नेताओं को मिले कई खास उपहार

समिट में नेताओं को कई खास उपहार भी मिले। मैक्रों ने सभी नेताओं को निजी साइकिल भेंट की। ट्रंप को भी एक साइकिल मिली, जबकि वह अक्सर साइकिल चलाने से दूरी बनाने की बात करते रहे हैं। वहीं जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने ट्रंप को जर्मनी की फुटबॉल टीम की जर्सी भेंट की, जिस पर उनका नाम और नंबर 47 लिखा था।

एक बार फिर पीएम मोदी और मेलोनी बने चर्चा का विषय

हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जियोर्जिया मेलोनी की मुलाकात ने बटोरी। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया। बातचीत के दौरान मोदी ने इंस्टाग्राम का जिक्र किया, जिस पर मेलोनी ने हंसते हुए कहा, "हम इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा मशहूर हैं।" यह सुनकर आसपास मौजूद नेता भी मुस्कुरा उठे। G7 समिट ने एक बार फिर दिखाया कि वैश्विक राजनीति के मंच पर गंभीर चर्चाओं के साथ-साथ मानवीय और मजेदार पल भी लोगों का ध्यान आकर्षित करते हैं। यही छोटे-छोटे क्षण नेताओं के व्यक्तित्व की एक अलग झलक दुनिया के सामने लाते हैं।

 

Written By: Geeta Sharma