जियो हॉटस्टार के पॉपुलर रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' सुर्खियां बटोर रहा है। इस शो में एक बवाल खत्म नहीं होता, तब तक दूसर शुरू हो जाता है। वहीं इस शो को दर्शकों से काफी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। बता दें, इस शो में पवन सिंह, दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव जैसे चर्चित चेहरे नजर आ रहे हैं। शो के हर एपिसोड में जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल रहा है। वहीं हालिया एपिसोड में निरहुआ और काजल राघवानी के बीच तीखी बहस देखने को मिला।

क्यों भड़कीं काजल राघवानी?

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों एक बार फिर विवाद गरमा गया है। तेज प्रताप यादव की ओर से आयोजित एक डिनर के दौरान भोजपुरी इंडस्ट्री के कई सितारे एक साथ नजर आए। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अभिनेत्री काजल राघवानी, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ और आम्रपाली दुबे के बीच बातचीत ने ऐसा मोड़ लिया कि माहौल काफी गर्म हो गया। इसके बाद काजल राघवानी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपनी नाराजगी जाहिर की और कई गंभीर बातें कहीं।

डिनर टेबल पर आम्रपाली को लेकर कही बात

काजल राघवानी के मुताबिक, उन्होंने डिनर टेबल पर पूरी तरह प्रोफेशनल मुद्दे पर अपनी बात रखी थी। उनका दावा है कि आम्रपाली दुबे की वजह से उन्हें कई फिल्मों में काम करने का मौका नहीं मिला और निरहुआ हमेशा आम्रपाली का पक्ष लेते हैं। काजल का कहना है कि उन्होंने यह सवाल सम्मान के साथ उठाया था, लेकिन जवाब में उनकी निजी जिंदगी को चर्चा में लाया गया। इसी बात से अभिनेत्री काफी नाराज हो गईं।

‘पहले दिनेश जी की बहुत इज्जत करती थी’

अपने वीडियो में काजल ने कहा कि वह पहले दिनेश लाल यादव की काफी इज्जत करती थीं, लेकिन डिनर के दौरान कथित तौर पर हुई बातचीत के बाद उनके मन में वह सम्मान नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें उनकी ‘औकात’ दिखाने की बात कही गई, जबकि उनके अनुसार ऐसी बात कहकर सामने वाले ने खुद अपना रवैया दिखाया। काजल ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें किसी तरह का अटेंशन पाने के लिए बयान देने की जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक, डिनर में उन्होंने वही कहा जो उन्हें अपने प्रोफेशनल अनुभव के आधार पर सही लगा।

निरहुआ की निजी जिंदगी पर भी उठाए सवाल

विवाद यहीं नहीं रुका। काजल ने निरहुआ की निजी जिंदगी का जिक्र करते हुए कहा कि हर व्यक्ति की अपनी निजी जिंदगी होती है और उनकी भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब बातचीत उनके निजी जीवन तक पहुंची तो उन्हें भी निरहुआ की निजी जिंदगी से जुड़े सवाल उठाने पड़े। काजल ने निरहुआ और उनकी पत्नी के रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें अपनी पत्नी के प्रति भी वही सम्मान और प्राथमिकता दिखानी चाहिए, जो वह अन्य लोगों के लिए दिखाते हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

कुंभ मेले का भी किया जिक्र

काजल ने अपने वीडियो में कुंभ मेले का जिक्र करते हुए निरहुआ और आम्रपाली दुबे की नजदीकियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दोनों को कई मौकों पर साथ देखा जाता है और सवाल किया कि अगर निरहुआ अपनी पत्नी के साथ नहीं जाते तो आम्रपाली के साथ उनकी मौजूदगी को किस रूप में देखा जाए।

ये भी पढ़ें: बाबू-सोना के Reply के चक्कर में देर तक रोका टॉयलेट, तो हो जाएगा यमराज से Meetup!

उन्होंने गेम शो, शूटिंग सेट और मंदिर सहित कई मौकों का जिक्र किया। काजल ने यह भी कहा कि उनकी किसी की निजी जिंदगी में दखल देने की इच्छा नहीं है, लेकिन जब उनकी निजी जिंदगी पर सवाल उठाए जाएं तो वह भी चुप नहीं रहेंगी।

विवाद के बाद बढ़ी भोजपुरी इंडस्ट्री की हलचल

काजल राघवानी के बयान के बाद भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़े इस विवाद ने सोशल मीडिया पर चर्चा तेज कर दी है। हालांकि, इस पूरे मामले में निरहुआ और आम्रपाली दुबे की ओर से लगाए गए आरोपों पर उनकी विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। ऐसे में फिलहाल दोनों पक्षों की बात सामने आने के बाद ही विवाद की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। काजल ने अपने वीडियो के अंत में संकेत दिया कि अगर आगे भी इस मामले में कुछ हुआ तो वह अपनी बात खुलकर रखेंगी। अब देखना होगा कि इस विवाद पर निरहुआ और आम्रपाली दुबे की ओर से क्या जवाब सामने आता है।