Jharkhand Student Protest: झारखंड में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन ने सोमवार को उस समय नया मोड़ ले लिया। जब बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी छात्र विधानसभा का घेराव करने के लिए मार्च करते हुए सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे बढ़ गए। छात्रों ने रास्ते में लगाए गए कई बैरिकेड्स को पार कर लिया। विधानसभा के करीब पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया,जबकि प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए लाठीचार्ज भी किया गया।
कई स्तर की बैरिकेडिंग भी नहीं रोक सकी छात्रों का मार्च
छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। विधानसभा की ओर जाने वाले रास्तों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए कंटीले तार भी लगाए गए थे। इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्र इन अवरोधों को पार करते हुए आगे बढ़ते रहे।
ये भी पढ़ें: दुनिया में बजा दिल्ली मेट्रो का डंका! हांगकांग-पेरिस-न्यूयॉर्क को छोड़ा पीछे, भारत का बढ़ा मान
प्रदर्शनकारियों के विधानसभा के नजदीक पहुंचने के बाद पुलिस और छात्रों के बीच तनाव बढ़ गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद स्थिति को देखते हुए लाठीचार्ज किया गया। विधानसभा और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
इलाके में निषेधाज्ञा लागू
प्रदर्शन को देखते हुए विधानसभा के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की ओर से इलाके में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। इसके बावजूद छात्रों का मार्च जारी रहा। प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शनकारियों को विधानसभा परिसर की ओर आगे बढ़ने से रोका जाए और कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी रहे। वहीं छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर कायम हैं।
3 दौर की बातचीत के बाद भी नहीं बनी सहमति
JPSC-JSSC अभ्यर्थियों और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच आंदोलन को समाप्त कराने के लिए अब तक तीन दौर की बातचीत हो चुकी है। सोमवार से एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच पांच घंटे से अधिक समय तक चर्चा हुई थी।
बताया गया कि सरकार की ओर से छात्रों की कई मांगों पर सहमति जताने और समाधान का रास्ता निकालने की कोशिश की गई। हालांकि, CBI जांच समेत कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। बातचीत बेनतीजा रहने के बाद छात्रों ने विधानसभा मार्च का फैसला किया।
छात्रों का आरोप, रांची पहुंचने से रोका जा रहा
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि उन्हें रांची पहुंचने से रोकने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और अन्य मांगों को लेकर उनका आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि, छात्र संगठन की ओर से प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से मार्च करने की अपील की गई है।संगठन ने छात्रों से पुलिस के साथ किसी तरह की झड़प नहीं करने और उपद्रवी तत्वों से दूरी बनाए रखने को कहा है।
Written By: Geeta Sharma