राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने शनिवार को अपना 30वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया। इस अवसर पर बिहार के सभी 38 जिला मुख्यालयों के साथ-साथ पटना स्थित पार्टी कार्यालय के कर्पूरी सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। उल्लेखनीय है कि राजद की स्थापना 5 जुलाई 1997 को हुई थी।

लालू प्रसाद यादव ने जारी किया संदेश

स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने बिहार की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम संदेश जारी किया। सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में उन्होंने कहा कि 5 जुलाई का दिन केवल एक स्थापना दिवस नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की राजनीति के नए दौर की शुरुआत का प्रतीक है।

लालू यादव ने संदेश में कही ये बात

लालू यादव ने कहा कि राजद की स्थापना गरीबों, पिछड़ों, दलितों, शोषितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक न्याय, समानता, रोजगार और समावेशी विकास की राजनीति को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई थी, उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की अपील की, उन्होंने संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। साथ ही पार्टी के तीन दशक के सफर, संघर्ष और योगदान को याद करते हुए सभी समर्थकों और कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यकर्ताओं को लालू यादव ने कही ये बात

अपने संदेश में लालू यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठानी चाहिए। उनके अनुसार, वर्तमान समय में गरीबों, किसानों और वंचित वर्गों के हितों की रक्षा के लिए सभी मतभेदों को भुलाकर सामूहिक रूप से आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

लालू ने भारतीय जनता पार्टी पर साधा निशाना

इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग और संवैधानिक मूल्यों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना था कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान की रक्षा के लिए सभी लोकतांत्रिक ताकतों को मिलकर काम करना होगा।

राजद केवल चुनाव लड़ने वाला राजनीतिक दल नहीं- लालू

लालू यादव ने अपने संदेश के अंत में कहा कि राजद केवल चुनाव लड़ने वाला राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का आंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और जनता के विश्वास को मजबूत करने का आह्वान किया।

 

 

Written By Toshi Shah