Ladakh Cricket Stadium: लद्दाख जल्द ही क्रिकेट की दुनिया में एक नया इतिहास रच सकता है। लेह के पास थिक्से क्षेत्र में समुद्र तल से करीब 11,800 फीट की ऊंचाई पर दुनिया का सबसे ऊंचा क्रिकेट स्टेडियम बनाने की तैयारी है। प्रस्तावित परियोजना पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और फिलहाल इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।
लद्दाख प्रशासन की योजना के मुताबिक, स्टेडियम का निर्माण लेह से करीब 17 किलोमीटर दूर थिक्से में किया जा सकता है। प्रस्तावित स्टेडियम का नाम ‘रणबीरपुर क्रिकेट स्टेडियम’ रखने पर भी विचार किया जा रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद यह दुनिया का सबसे अधिक ऊंचाई पर स्थित क्रिकेट स्टेडियम बन सकता है।
खेल के साथ बढ़ेगा पर्यटन
इस परियोजना का मकसद सिर्फ क्रिकेट के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि लद्दाख में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधाएं देना और स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देना भी है। प्रस्तावित स्टेडियम में आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को क्रिकेट प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिलेगा। साथ ही देशभर के क्रिकेट खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को भी लद्दाख की ओर आकर्षित करने की उम्मीद है।
चैल क्रिकेट ग्राउंड से 3,800 फीट ज्यादा ऊंचाई
भारत में हिमाचल प्रदेश का चैल क्रिकेट ग्राउंड करीब 8,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है और इसे दुनिया के सबसे ऊंचे क्रिकेट मैदानों में गिना जाता है। इसके मुकाबले लद्दाख में प्रस्तावित स्टेडियम करीब 3,800 फीट अधिक ऊंचाई पर होगा। वहीं, श्रीनगर का शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम करीब 5,200 फीट और धर्मशाला का एचपीसीए स्टेडियम लगभग 4,780 फीट की ऊंचाई पर स्थित है।
लद्दाख में बढ़ रहा खेल का बुनियादी ढांचा
लद्दाख में खेल सुविधाओं के विस्तार पर पहले से काम हो रहा है। लेह में कृत्रिम आइस हॉकी रिंक तैयार किया गया है, जहां गर्मियों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित करने की क्षमता है। इसके अलावा, खेलो इंडिया अभियान के तहत लेह के स्पितुक में करीब 11,500 फीट की ऊंचाई पर देश का सबसे ऊंचा एस्ट्रो टर्फ फुटबॉल स्टेडियम भी बनाया गया है।
अगर थिक्से में प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण पूरा होता है, तो यह लद्दाख को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान दिला सकता है। ऊंचाई, प्राकृतिक खूबसूरती और आधुनिक खेल सुविधाओं का मेल इसे खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल पर्यटकों के लिए भी खास आकर्षण बना सकता है।
और पढ़ें: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बनेगा नया फ्लाईओवर, 20 गांवों समेत 2 लाख लोगों को राहत