अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को लेकर तीखा बयान दिया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया कि यदि अमेरिका चाहे तो ईरान के शीर्ष नेतृत्व को "एक ही वार" में निशाना बना सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा करना अमेरिका की मंशा नहीं कि वह ईरान के साथ बातचीत की संभावना बनाए रखना चाहता है।

स्थिति का फायदा उठा सकता है अमेरिका - ट्रंप

ट्रंप ने कहा कि ईरान के वरिष्ठ नेता पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में एक साथ मौजूद हैं। उनके अनुसार, अमेरिका चाहे तो इस स्थिति का फायदा उठा सकता है, लेकिन ऐसा करने से बातचीत का रास्ता बंद हो जाएगा, इसलिए ऐसा नहीं किया जाएगा।

दृश्य देखकर आश्चर्य हुआ-ट्रंप

ट्रंप ने कहा कि खामेनेई के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी और उनके शोक व्यक्त करने के दृश्य देखकर उन्हें आश्चर्य हुआ। ट्रंप के मुताबिक, उन्हें पहले लगता था कि खामेनेई को जनता का समर्थन नहीं है, हालांकि उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि यह कहना मुश्किल है कि लोगों की भावनाएं वास्तविक थीं या नहीं।

ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया पर दिया प्रतिक्रिया

वहीं, ट्रंप की टिप्पणियों पर आर्मेनिया स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी। दूतावास ने तीखे शब्दों में कहा कि इस तरह की सोच सभ्यता, इतिहास और सम्मान की समझ को नहीं दर्शाती। बता दें कि इससे पहले अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी ट्रंप ने ईरान पर निशाना साधते हुए दावा किया था कि अमेरिकी कार्रवाई ने ईरान को कमजोर कर दिया है और अब वह समझौते की स्थिति में पहुंच चुका है, उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने अंतिम संस्कार के लिए समय देकर मानवीय दृष्टिकोण अपनाया।

ईरान ने अमेरिका और इजरायल को दी चेतावनी

बता दें कि ईरान ने अमेरिका और इजरायल को कड़ी चेतावनी दी है। ईरानी सैन्य कमांडर अली अब्दोल्लाही ने कहा कि यदि देश के खिलाफ किसी भी प्रकार की सैन्य कार्रवाई की गई तो ईरान तुरंत और सख्त जवाब देगा। उनका कहना था कि विरोधी देशों को किसी भी तरह की गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए। अयातुल्ला अली खामेनेई से जुड़े अंतिम संस्कार कार्यक्रम 3 जुलाई से शुरू होकर 9 जुलाई तक विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जा रहे हैं। तेहरान के अलावा मशहद, कोम और इराक में भी धार्मिक एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कही ये बात

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी हाल ही में चेतावनी दी थी कि यदि ईरान के नेतृत्व या जनता की सुरक्षा को खतरा पहुंचाने की कोशिश की गई तो उसका जवाब पूरी ताकत के साथ दिया जाएगा। यह बयान उस समय आया जब इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ की ओर से मोजतबा खामेनेई को लेकर कथित रूप से सख्त टिप्पणी की गई थी।

पिता के अंतिम विदाई में सार्वजनिक रूप से शामिल नहीं होंगे मोजतबा खामेनेई

सुरक्षा कारणों से मोजतबा खामेनेई के अपने पिता के अंतिम संस्कार में सार्वजनिक रूप से शामिल होने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है। भारत में ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि आयतुल्ला हकीम इलाही के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियां उनकी पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकतीं, इसलिए उनकी सार्वजनिक उपस्थिति सीमित रहने की संभावना है।

 

 

 

Written By Toshi Shah