दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने कहा कि यह आंदोलन युवाओं के भीतर बढ़ती नाराज़गी और निराशा को दर्शाता है, साथ ही उन्होंने संगठन की मांगों का समर्थन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई।

केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर कही ये बात

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केजरीवाल ने लिखा कि कॉकरोच आंदोलन युवाओं की असंतुष्टि का प्रतीक है। उनके अनुसार, सरकार को प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रविरोधी बताने के बजाय उनकी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए और उनका समाधान निकालना चाहिए, उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इन मांगों के साथ खड़ी है तथा प्रधानमंत्री को शिक्षा मंत्री को तत्काल पद से हटाना चाहिए।

जंतर-मंतर पर सीजेपी ने किया था प्रदर्शन

शनिवार (6 जून) को सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया, जिनमें कई लोग तिलचट्टे के मुखौटे पहनकर पहुंचे और अपने हाथों में फूल लिए हुए दिखाई दिए।

स्कूल छात्रों ने भी इस प्रदर्शन में लिया हिस्सा

इस विरोध प्रदर्शन में स्कूली छात्रों ने भी अपने अभिभावकों के साथ हिस्सा लिया। उपस्थित लोगों में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी तथा युवा पेशेवरों की संख्या अधिक रही। प्रदर्शनकारियों ने नीट, सीबीएसई बोर्ड, सीयूईटी और एसएससी जैसी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की। इसके साथ ही छात्रों ने नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।

 

 

Written By Toshi Shah