Kal Ka Mausam 14 August 2026: देश के कई हिस्सों में मानसून पुरी तरह से एक्टिव है। 14 अगस्त को दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 13 अगस्त के पूर्वानुमान के मुताबिक, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 14-15 अगस्त को व्यापक बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14-17 अगस्त और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13-18 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली में शुक्रवार को बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। IMD ने राजधानी और आसपास के इलाकों में 14 अगस्त को भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में सुबह से शाम तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
यूपी में भी बारिश बढ़ाएगी परेशानी
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। खासकर पूर्वी यूपी में 13 से 18 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 14 से 17 अगस्त के बीच बारिश का दौर चल सकता है।
बिहार में भी बारिश के आसार
बिहार में भी मॉनसून सक्रिय रहने वाला है। IMD ने राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई है। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है, इसलिए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश
पूर्वी भारत में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने वाला है। IMD के 13 अगस्त के अपडेट के अनुसार, ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी 13 और 14 अगस्त को अत्यधिक भारी बारिश का खतरा जताया गया है। ओडिशा और आसपास के इलाकों में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और समुद्र में जाने वाले मछुआरों के लिए भी मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
14 अगस्त के आसपास कई अन्य राज्यों में भी बारिश की संभावना है। IMD के पूर्वानुमान में हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश की चेतावनी शामिल है। पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।
राजस्थान में बारिश का क्या हाल रहेगा?
राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बारिश जारी रह सकती है, हालांकि राज्य के कई इलाकों में बारिश की गतिविधि धीरे-धीरे कम होने का अनुमान है। स्थानीय स्तर पर मौसम में बदलाव बना रह सकता है।मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक मॉनसून सक्रिय रहने की संभावना है। ऐसे में दिल्ली-NCR और आसपास के राज्यों में रहने वाले लोगों को बारिश के साथ जलभराव और ट्रैफिक जैसी दिक्कतों के लिए तैयार रहना होगा।
Written By: Shivashakti Narayan Singh