Jaipur Metro Phase-2 project: राजस्थान की राजधानी जयपुर में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार का काम तेज हो गया है। जयपुर मेट्रो फेज-2 के तहत करीब 41 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिसमें कुल 36 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें 34 स्टेशन एलिवेटेड और 2 स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे। परियोजना पर करीब 13,037 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसे वर्ष 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। फेज-2 के शुरू होने के बाद जयपुर एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, कलेक्ट्रेट, अस्पताल, स्टेडियम, औद्योगिक क्षेत्रों और प्रमुख रिहायशी इलाकों तक मेट्रो की सीधी पहुंच बेहतर होगी।
एयरपोर्ट के लिए बनेगा 3 KM अंडरग्राउंड कॉरिडोर
परियोजना के एक अहम हिस्से में पिंजरापोल गौशाला से जवाहर सर्किल और जयपुर एयरपोर्ट तक करीब 3 किलोमीटर का अंडरग्राउंड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस हिस्से पर करीब 1,160 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसका टेंडर जारी हो चुका है। वहीं प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गौशाला तक करीब 12 किलोमीटर के हिस्से पर काम शुरू हो चुका है। इस हिस्से की अनुमानित लागत करीब 918 करोड़ रुपये बताई गई है।
36 स्टेशन, शहर के प्रमुख हिस्से होंगे कनेक्ट
फेज-2 में जयपुर के कई महत्वपूर्ण इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। प्रस्तावित स्टेशनों में शामिल हैं, प्रहलादपुरा, सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, रीको, जेईसीसी, महात्मा गांधी हॉस्पिटल, कुंभा मार्ग, हल्दीघाटी मार्ग, सांगानेर सेक्टर-3, पिंजरापोल गौशाला, सांगानेर थाना, जयपुर एयरपोर्ट, जवाहर सर्किल, बी-2 बाईपास, दुर्गापुरा, महावीर नगर, गोपालपुरा, टोंक फाटक, नेहरू नगर, SMS स्टेडियम, SMS अस्पताल, अजमेरी गेट, सरकारी छात्रावास, चांदपोल, कलेक्ट्रेट-बनी पार्क, जयपुर जंक्शन, खासाकोठी, पावर हाउस, पानीपेच, अंबाबाड़ी, नेशनल हैंडलूम, विद्याधर नगर, सेंट्रल स्पाइन, सेक्टर-2 विद्याधर नगर, रोड नंबर-14 VKIA, विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया और टोडी मोड़।
रेलवे स्टेशन और कलेक्ट्रेट भी मेट्रो से जुड़ेंगे
फेज-2 की खासियत यह है कि जयपुर के भीड़भाड़ वाले प्रशासनिक और परिवहन केंद्रों को भी मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। जयपुर जंक्शन, कलेक्ट्रेट, सिविल लाइंस, अजमेरी गेट और खासाकोठी जैसे इलाके इससे लाभान्वित होंगे। चांदपोल और खासाकोठी के आसपास इंटरचेंज की सुविधा विकसित की जाएगी, जिससे यात्रियों को मौजूदा मेट्रो लाइन से फेज-2 के कॉरिडोर पर जाने में आसानी होगी।
औद्योगिक और मेडिकल हब को भी मिलेगा फायदा
मेट्रो का नया कॉरिडोर सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र, SEZ, JECC, सांगानेर, SMS अस्पताल और SMS स्टेडियम जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ेगा। इससे औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों, मरीजों, छात्रों और खेल प्रेमियों के लिए सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बेहतर हो सकती है। इसके अलावा विद्याधर नगर, अंबाबाड़ी, विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र और टोडी मोड़ जैसे रिहायशी एवं औद्योगिक इलाकों को भी सीधा फायदा मिलेगा।
रोजाना 4 लाख तक यात्री कर सकते हैं सफर
मौजूदा समय में जयपुर मेट्रो में प्रतिदिन करीब 50-60 हजार यात्री सफर करते हैं। फेज-2 के पूरा होने के बाद यात्रियों की संख्या बढ़कर 2.5 लाख से 4 लाख प्रतिदिन तक पहुंचने का अनुमान है। मेट्रो के विस्तार से टोंक रोड, जेएलएन रोड और अजमेर-सीकर रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।
खासाकोठी पर बनेगा इंटरचेंज
जयपुर मेट्रो के मौजूदा फेज-1 में भी बदलाव किया गया है। खासाकोठी में नया स्टेशन प्रस्तावित किया गया है, जिससे फेज-1 में स्टेशनों की संख्या 11 से बढ़कर 12 हो जाएगी। खासाकोठी के स्टेशन को फेज-2 के स्टेशन से जोड़ने के लिए करीब 150 मीटर लंबे फुटओवर ब्रिज की योजना है।
@MyJaipurMetro के विस्तार की ओर ऐतिहासिक कदम!
— Jaipur Metro (@MyJaipurMetro) July 22, 2026
आज माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के करकमलों द्वारा जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना (प्रहलादपुरा–टोडी मोड़) का भूमि पूजन संपन्न हुआ।
41 किलोमीटर लंबी एवं 36 स्टेशनों वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना जयपुर के लाखों नागरिकों को… pic.twitter.com/OwNJvNlhJM
2031 तक पूरा करने का लक्ष्य
जयपुर मेट्रो फेज-2 को करीब 5 साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के तहत टेंडर और निर्माण की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है। एयरपोर्ट से रेलवे स्टेशन, अस्पताल से स्टेडियम और औद्योगिक क्षेत्रों से रिहायशी इलाकों तक फेज-2 पूरा होने के बाद जयपुर की मेट्रो कनेक्टिविटी का दायरा काफी बड़ा हो जाएगा। इससे शहर के बढ़ते ट्रैफिक पर दबाव कम करने और सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की उम्मीद है।
और पढ़ें: गुरुग्राम को बड़ी सौगात! साइबर सिटी तक दौड़ेगी मेट्रो, 30.7 KM रूट पर 28 स्टेशन