अमेरिका और उसके कुछ पारंपरिक सहयोगी देशों के बीच चल रहे तनाव के बीच इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के हालिया बयानों पर कड़ा रुख अपनाया है। मेलोनी ने ट्रंप की टिप्पणियों को तथ्यहीन और मनगढ़ंत बताते हुए कहा कि यह बेहद निराशाजनक है कि अमेरिका का शीर्ष नेता अपने ही सहयोगी देशों के बारे में इस तरह की बातें कर रहा है।

मेलोनी ने ट्रंप से किए सवाल

मेलोनी ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब ऐसे बयान सामने आए हैं, लेकिन यह व्यवहार चिंता और शर्म पैदा करने वाला है, उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जो कठोरता अमेरिका अपने मित्र देशों के खिलाफ दिखाता है, वही रुख वह अपने प्रतिद्वंद्वियों या विरोधी शक्तियों के सामने क्यों नहीं अपनाता। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इटली किसी भी हाल में दबाव या दया की स्थिति में खुद को नहीं देखता और उसका सम्मान सर्वोपरि है।

उपप्रधानमंत्री ने भी ट्रंप के बयान पर दिया तीखी प्रतिक्रिया

इस विवाद पर इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी (Antonio Tajani) ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी, उन्होंने ट्रंप की टिप्पणियों को पूरे इटली के लिए अपमानजनक बताया और इसी कारण अपनी निर्धारित अमेरिका यात्रा रद्द करने का निर्णय लिया।

क्या है पूरा मामला

ट्रंप ने दावा किया था कि इटली की प्रधानमंत्री ने उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए कहा था। एक टीवी को दिए इंटरव्यू में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि "जॉर्जिया मेलोनी ने जी7 शिखर सम्मेलन में मेरे साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए मानो गुजारिश की थी। मुझे उन पर तरस आ गया, इसलिए मैंने तस्वीर खिंचवा ली। मैं ऐसा नहीं भी कर सकता था, लेकिन मुझे उन पर दया आ गई। शायद वह इस बात से खुश होंगी कि मैंने उनसे बात की। मुझे उनसे बात करने की कोई जरूरत नहीं थी"। बता दें कि पूरा मामला अब कूटनीतिक तनाव का रूप लेता दिख रहा है, जिसमें बयानबाज़ी के साथ-साथ राजनयिक कार्यक्रमों पर भी असर पड़ने लगा है।

 

 

Written By Toshi Shah