अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब भी बना हुआ है। भले ही फिलहाल दोनों देशों के बीच सीजफायर लागू हो, लेकिन लगातार आक्रामक बयानबाजी से यह संकेत मिल रहा है कि हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं। इसी बीच ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने एक बार फिर तेहरान का रुख स्पष्ट किया है।

इब्राहिम अजीजी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कही ये बात

इब्राहिम अजीजी ने आज यानी गुरुवार (28 मई) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के बयानों से ईरान अपनी “रेड लाइन” से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि यूरे+नियम एनरिचमेंट का अधिकार, एनरिच किए गए यूरेनियम का नियंत्रण और होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का अधिकार ऐसे मुद्दे हैं जिन पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

धमकियों का सहारा लेते हैं ट्रंप- अजीजी

अजीजी ने आगे कहा कि ट्रंप कभी धमकियों का सहारा लेते हैं तो कभी समझौते की बात करते हैं। उनके मुताबिक, अमेरिकी नेतृत्व रणनीतिक गतिरोध से निकलने के लिए दबाव और बातचीत—दोनों तरीकों का इस्तेमाल कर रहा है, उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान अपनी प्रमुख शर्तों, जैसे परमाणु कार्यक्रम जारी रखने का अधिकार, एनरिच्ड यूरेनियम का संरक्षण, होर्मुज स्ट्रेट का प्रबंधन और प्रतिबंध हटाने की मांग से पीछे नहीं हटेगा। अजीजी ने दावा किया कि ट्रंप एक दिन धमकी देते हैं और दूसरे दिन समझौते की अपील करते नजर आते हैं।

मोहसिन रजाई ने भी ट्रंप को दी थी चेतावनी

इससे पहले ईरान के सुप्रीम लीडर के सैन्य सलाहकार मोहसिन रजाई भी ट्रंप को चेतावनी दे चुके हैं, उन्होंने कहा था कि यदि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट या फारस की खाड़ी में सैन्य कार्रवाई करता है, तो उसे गंभीर जवाब का सामना करना पड़ेगा। रजाई ने यह भी संकेत दिया था कि ईरान परमाणु अप्रसार संधि यानी Nuclear Non-Proliferation Treaty (NPT) से बाहर निकलने पर विचार कर सकता है।

Written By Toshi Shah