ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Abbas Araghchi) ने बुधवार (10 जून) को अमेरिका को चेतावनी हुए कहा कि यदि वह अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहता है तो उसे फारस की खाड़ी क्षेत्र से दूरी बना लेनी चाहिए, उन्होंने कहा कि ईरानी सशस्त्र बल किसी भी प्रकार की सैन्य कार्रवाई या धमकी का प्रभावी और सख्त जवाब देने में सक्षम हैं। अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि इस क्षेत्र में बाहरी शक्तियों की दखलअंदाजी के गंभीर परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि युद्धक्षेत्र में असफल रहने के बाद अमेरिका अब ईरान के धैर्य और संकल्प की परीक्षा लेने की कोशिश कर रहा है, लेकिन देश की सेना हर चुनौती का मजबूती से सामना करेगी।

ईरान के खिलाफ आत्मरक्षा के तहत सैन्य अभियान शुरू- CENTCOM

यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब United States Central Command (CENTCOM) ने घोषणा की कि अमेरिकी बलों ने ईरान के खिलाफ आत्मरक्षा के तहत सैन्य अभियान शुरू कर दिया है। अमेरिकी सेना के अनुसार, यह कदम एक अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर को निशाना बनाए जाने के बाद उठाया गया। CENTCOM ने कहा कि यह कार्रवाई राष्ट्रपति के निर्देश पर की गई है और इसका उद्देश्य ईरान की कथित आक्रामक गतिविधियों का जवाब देना है।

CENTCOM का दावा

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि अमेरिकी सेना के अपाचे हेलीकॉप्टर को मार गिराए जाने की घटना के बाद जवाबी कार्रवाई शुरू की गई। बयान में कहा गया कि यह अभियान आत्मरक्षा के सिद्धांत के तहत चलाया जा रहा है और इसे ईरान की ओर से की गई कार्रवाई के अनुपातिक उत्तर के रूप में देखा जाना चाहिए।

ट्रंप ने क्या कहा?

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने दावा किया था कि Strait of Hormuz के ऊपर नियमित गश्त के दौरान एक अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर पर हमला किया गया। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर में मौजूद दोनों पायलट सुरक्षित हैं और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका इस घटना को नजरअंदाज नहीं करेगा और इसका उचित जवाब देगा।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कही ये बात

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर लिखे संदेश में कहा कि उन्हें सेना से जानकारी मिली है कि ईरान की ओर से अमेरिकी हेलीकॉप्टर को निशाना बनाया गया, उन्होंने दोहराया कि चालक दल पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन ऐसी घटना के बाद अमेरिका प्रतिक्रिया देने के लिए बाध्य है।

 

 

Written By Toshi Shah