अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य में एक भारतीय आईटी प्रोफेशनल को अपनी पत्नी की कथित हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय अविनाश नार्ने पर अपनी पत्नी राजिता सबिनेनी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। घटना 27 अक्टूबर 2025 की है, जबकि लगभग नौ महीने तक चली जांच के बाद 5 जुलाई 2026 को उन पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन नार्ने ने खुद इमरजेंसी सेवा को फोन कर बताया कि उनकी पत्नी बाथरूम में बंद हैं और बाहर नहीं आ पा रही हैं। जब पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, तो राजिता सबिनेनी बाथरूम के फर्श पर मृत अवस्था में मिलीं। मौके पर ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
बाथरूम में मिली महिला
शुरुआती पूछताछ में नार्ने ने दावा किया कि वह कुछ समय के लिए घर से बाहर गए थे और लौटने पर पत्नी को बाथरूम में बंद पाया। हालांकि, जांचकर्ताओं को इस दौरान किसी बाहरी व्यक्ति के घर में प्रवेश करने के सबूत नहीं मिले। अगले दिन किंग काउंटी मेडिकल एग्जामिनर की रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटने से दम घुटना बताया गया और मामले को हत्या घोषित किया गया।
सीक्रेट रिलेशनशिप-आरोपी का
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि नार्ने का भारत में एक महिला के साथ कई वर्षों से कथित रूप से गुप्त प्रेम संबंध था। पुलिस का कहना है कि यह रिश्ता उनकी शादी के बाद भी जारी रहा। जांच में यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन नार्ने ने उस महिला से कई बार फोन पर बात की थी और कथित तौर पर पत्नी के शव की तस्वीर भी उसे भेजी थी।
47 करोड़ की जमानत राशि
अधिकारियों को राजिता के कई टेक्स्ट मैसेज भी मिले, जिनमें उन्होंने पति द्वारा बनाए गए पेय पदार्थों के असामान्य रूप से कड़वे स्वाद की शिकायत की थी। घटना वाले दिन भेजे गए एक संदेश में उन्होंने लिखा था कि स्मूदी का स्वाद दवा या कफ सिरप जैसा लग रहा है। पुलिस इन संदेशों को भी जांच का हिस्सा मान रही है। फिलहाल अविनाश नार्ने पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप है। यदि अदालत में आरोप साबित होते हैं, तो उन्हें उम्रकैद की सजा हो सकती है। अदालत ने उनकी जमानत 50 लाख डॉलर (करीब 47.7 करोड़ रुपये) तय की है। मामले की जांच और न्यायिक प्रक्रिया अभी जारी है।
Writeen By: Archana Gupta