नई दिल्ली: भारत और जापान के बीच रक्षा संबंधों को और मजबूत करने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के बीच रणनीतिक भरोसा बढ़ाने, रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति व सुरक्षा को मजबूत करने पर चर्चा होगी।
रक्षा उपकरणों और तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श
रक्षा मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों मंत्री समुद्री सुरक्षा सहयोग को और गहरा करने के साथ-साथ 'मेक इन इंडिया' के तहत रक्षा उपकरणों और तकनीकी सहयोग को बढ़ाने के तरीकों पर विचार-विमर्श करेंगे। यह चर्चा जापान द्वारा रक्षा उपकरणों और तकनीक हस्तांतरण से जुड़े नियमों में बदलाव के बाद हो रही है।
इस बैठक का उद्देश्य भारत-जापान रक्षा और सुरक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए एक नई रूपरेखा तैयार करना है।
जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी की पहली भारत यात्रा
जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी अपनी पहली भारत यात्रा पर हैं। बुधवार को उन्होंने मुंबई स्थित पश्चिमी नौसेना कमान का दौरा किया, जहां उन्होंने नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन और पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल संजय वात्सायन के साथ बातचीत की।
कोइजुमी ने स्वदेशी युद्धपोत INS चेन्नई का भी दौरा किया
इस दौरान जापानी प्रतिनिधिमंडल को भारतीय नौसेना की भूमिका, जिम्मेदारियों और परिचालन क्षमताओं के बारे में जानकारी दी गई। कोइजुमी ने पश्चिमी नौसेना कमान में गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया और नौसेना डॉकयार्ड स्थित गौरव स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वदेशी युद्धपोत INS चेन्नई का भी दौरा किया।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत और जापान एक स्वतंत्र, खुले, सुरक्षित और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के साझा दृष्टिकोण पर काम कर रहे हैं। जापानी रक्षा मंत्री की यह दो दिवसीय यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग और मजबूत होती रणनीतिक साझेदारी को दर्शाती है।
यह यात्रा जापानी प्रधानमंत्री सना ताकााइची के हालिया भारत दौरे के कुछ हफ्तों बाद हो रही है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापानी प्रधानमंत्री के बीच वार्षिक शिखर बैठक के दौरान रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और विस्तार देने पर सहमति बनी थी।
यह भी पढ़ें: नेपाल ने जनरल धीरज सेठ को दिया बड़ा सम्मान, नेपाली सेना का मानद जनरल बनाया, जानें क्या हैं इसके मायने
Written By: Pradeep Singh