IMD Weather Forecast August 21: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने 21 अगस्त को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पहाड़ी राज्यों के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जबकि पश्चिमी यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी तेज बारिश हो सकती है।

बारिश के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

यूपी के इन इलाकों में बढ़ेगी बारिश

उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। पश्चिमी यूपी में 21 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इससे पहले 20 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया था।पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 से 26 अगस्त के बीच बारिश का दायरा बढ़ सकता है। इस दौरान कई इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है।

पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का दौर

उत्तराखंड में 20 से 26 अगस्त के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख के कुछ हिस्सों में 20 से 22 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है।पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश की स्थिति में भूस्खलन और सड़क यातायात प्रभावित होने का खतरा भी रहता है। ऐसे में स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखना जरूरी होगा।

MP में बहुत भारी बारिश की चेतावनी

मध्य प्रदेश में भी मानसून का असर बना हुआ है। खास तौर पर पूर्वी मध्य प्रदेश में 21 अगस्त को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा गुजरात रीजन, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में 20 से 26 अगस्त के बीच कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।

दिल्ली, हरियाणा और पंजाब का क्या हाल?

दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब में भी मौसम विभाग ने बारिश को लेकर चेतावनी दी है। इन इलाकों में 20 और 22 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।इस दौरान बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना रहेगी। दिल्ली-NCR में रहने वाले लोगों को खास तौर पर सुबह और शाम के मौसम पर नजर रखनी चाहिए।

बिहार के 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

बिहार में भी मौसम को लेकर चिंता बढ़ी हुई है। मौसम विभाग ने 19 जिलों के लिए बारिश, आंधी, तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई के लिए येलो अलर्ट है।इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?

राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी हिस्से के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक खैरथल-तिजारा, अलवर, डीग और धौलपुर में बारिश हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में मौसम ज्यादातर शुष्क रहा।

दक्षिण भारत में भी बारिश का सिलसिला

दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी 20 से 26 अगस्त के बीच बारिश का दौर बना रह सकता है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और तेलंगाना में कहीं-कहीं से लेकर कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है।केरल और माहे के साथ लक्षद्वीप में 21 और 22 अगस्त को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।इसी तरह कोंकण और गोवा में 20 से 26 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है। यानी अगले कुछ दिन देश के कई हिस्सों में मानसून का असर बना रहने वाला है।

Written By: Shivashakti Narayan Singh