नई दिल्ली: भारत ने इजरायल-फिलिस्तीन विवाद के समाधान के लिए बातचीत के जरिए दो-राष्ट्र समाधान (Negotiated Two-State Solution) का समर्थन दोहराया है। भारत ने फिलिस्तीन के लिए अपनी विकास और मानवीय सहायता बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी जताई है।
विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को मीडिया ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय की सचिव (CPV & OIA) श्रीमतीप्रिया रंगनाथन की फिलिस्तीन यात्रा की जानकारी दी।
तीन दिवसीय फिलिस्तीन दौरे पर रहीं रंगनाथन
MEA के अनुसार, श्रीप्रिया रंगनाथन ने 18 से 20 अगस्त तक रामल्लाह का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने फिलिस्तीनी प्राधिकरण के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की, जिसमें प्रधानमंत्री मोहम्मद मुस्तफा, विदेश मंत्री और अन्य कैबिनेट सदस्य शामिल रहे।
भारत का दो-राष्ट्र समाधान पर रुख
विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस दौरान भारत ने एक बार फिर बातचीत और सहमति के आधार पर दो-राष्ट्र समाधान के प्रति अपना समर्थन दोहराया। साथ ही गाजा में लगातार मानवीय सहायता पहुंचाने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।
रणधीर जायसवाल ने कहा, "हम दो-राष्ट्र समाधान का समर्थन करते हैं। सचिव ने भारत के समर्थन को दोहराया और गाजा में मानवीय सहायता के महत्व को रेखांकित किया।"
जेनिन में अस्पताल परियोजना की शुरुआत
यात्रा के दौरान श्रीप्रिया रंगनाथन ने जेनिन में बनने वाले 200 बिस्तरों वाले सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इसके अलावा भारत की ओर से जीवन रक्षक दवाएं सौंपी गईं और एक व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र (Vocational Training Centre) स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
फिलिस्तीनी नेतृत्व से मुलाकात
रंगनाथन ने फिलिस्तीन के प्रधानमंत्री मोहम्मद मुस्तफा, विदेश मंत्री वारसेन अगाबेकियन शाहीन, स्वास्थ्य मंत्री माजिद अबू रमजान, श्रम मंत्री इनास दहादा अत्तारी और राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार मजदी अल खालिदी से मुलाकात की। इन बैठकों में भारत-फिलिस्तीन संबंधों की समीक्षा की गई और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई।
भारत की पुरानी नीति जारी
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत फिलिस्तीन के प्रति अपनी सैद्धांतिक और लंबे समय से चली आ रही नीति के तहत बातचीत के माध्यम से दो-राष्ट्र समाधान का समर्थन करता रहेगा और मानवीय सहायता के प्रयासों को जारी रखेगा।
यह भी पढ़ें: विवेकानंद रेड्डी हत्याकांड में ED का शिकंजा, YSRCP सांसद अविनाश रेड्डी के ठिकानों से 24 लाख कैश बरामद