भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) एन. एस. राजा सुब्रमणि को देश का नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त करने का फैसला किया है। सरकारी घोषणा के अनुसार, वह पदभार ग्रहण करने के साथ ही अगले आदेश तक रक्षा मंत्रालय के अधीन डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स के सचिव की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। मौजूदा CDS जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल 30 मई 2026 को समाप्त हो रहा है, जिसके बाद यह पद एन. एस. राजा सुब्रमणि संभालेंगे।
भारतीय सेना में कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं सुब्रमणि
वर्तमान में एन. एस. राजा सुब्रमणि 1 सितंबर 2025 से नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सेक्रेटेरिएट (NSCS) में मिलिट्री एडवाइजर के तौर पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह भारतीय सेना में कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। जुलाई 2024 से जुलाई 2025 तक उन्होंने वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के रूप में सेवा दी, जबकि मार्च 2023 से जून 2024 तक वह सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ रहे। लंबे सैन्य अनुभव और नेतृत्व क्षमता के आधार पर अब उन्हें देश की तीनों सेनाओं के सर्वोच्च सैन्य पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Government of India appoints Lieutenant General N S Raja Subramani PVSM, AVSM, SM, VSM (Retd.) as the Chief of Defence Staff, who shall also function as Secretary to Government of India, Department of Military Affairs, with effect from the date of assumption of charge and until… pic.twitter.com/FpGolQxe5a
— ANI (@ANI) May 9, 2026
भारतीय सेना में लगभग 39 वर्षों तक सेवा दे चुके हैं सुब्रमणि
लेफ्टिनेंट जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने भारतीय सेना में लगभग 39 वर्षों तक सेवा दी। सेना से वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के पद से रिटायर होने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार की भूमिका निभाई। उनकी शिक्षा-दीक्षा प्रतिष्ठित सैन्य संस्थानों से हुई है। उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA),खडकवासला और भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), देहरादून से प्रशिक्षण प्राप्त किया। साथ ही उन्होंने किंग्स कॉलेज, लंदन से मास्टर ऑफ आर्ट्स तथा मद्रास विश्वविद्यालय से रक्षा अध्ययन में एम.फिल. की डिग्री हासिल की।
उत्तरी और पश्चिमी सीमाओं पर कई महत्वपूर्ण ऑपरेशनल जिम्मेदारियां निभाईं हैं
दिसंबर 1985 में उन्हें भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट में कमीशन मिला था। अपने करियर के दौरान उन्होंने देश की उत्तरी और पश्चिमी सीमाओं पर कई महत्वपूर्ण ऑपरेशनल जिम्मेदारियां निभाईं। सेना की रणनीतिक तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में उनका अहम योगदान रहा है। मार्च 2023 से जून 2024 तक उन्होंने लखनऊ स्थित मध्य कमान की कमान संभाली। इसके बाद जुलाई 2024 में उन्हें भारतीय सेना का 47वां उप प्रमुख नियुक्त किया गया, जहां उन्होंने जुलाई 2025 तक सेवा दी।
कई मेडल से सम्मानित हो चुके हैं सुब्रमणि
सेवानिवृत्ति के बाद सितंबर 2025 में उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार बनाया गया, बाद में केंद्र सरकार ने उन्हें नया CDS नियुक्त करने का निर्णय लिया। सेना में उत्कृष्ट योगदान और नेतृत्व के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM), सेना मेडल (SM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) जैसे सम्मान मिल चुके हैं। एन. एस. राजा सुब्रमणि को उनकी अनुशासनप्रियता, रणनीतिक सोच और प्रभावी नेतृत्व के लिए भारतीय सेना में विशेष पहचान मिली है।
Written By Toshi Shah