इंडिया ए टीम आज ट्राई वनडे सीरीज के अपने दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान ए से भिड़ेगी। पहले मैच में श्रीलंका ए को रोमांचक मुकाबले में 8 रन से हराने के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है। इस मुकाबले में जीत दर्ज कर टीम फाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगी। सीरीज की शुरुआत 9 जून से हुई है, जिसमें इंडिया ए, श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए हिस्सा ले रहे हैं। टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 21 जुलाई को खेला जाएगा। ऐसे में हर मैच टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होने वाला है।

वैभव सूर्यवंशी रहेंगे आकर्षण का केंद्र

भारतीय टीम के लिए युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। उनसे तेज शुरुआत की उम्मीद होगी, लेकिन इस बार उनकी कोशिश लंबी पारी खेलने की भी रहेगी। वहीं, ऋतुराज गायकवाड़ शानदार फॉर्म में दिखाई दे रहे हैं। श्रीलंका ए के खिलाफ उन्होंने बेहतरीन शतक लगाकर अपनी बल्लेबाजी क्षमता का परिचय दिया था। कप्तान तिलक वर्मा से भी मध्यक्रम में अहम योगदान की उम्मीद होगी। गेंदबाजी विभाग में अंशुल कंबोज, अरशद खान और विप्रज निगम पर जिम्मेदारी रहेगी। पिछले मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने दबाव की परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन किया था और टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

संभावित प्लेइंग इलेवन (इंडिया ए)

वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बडोनी, अनुकूल रॉय, सूर्यांश शेडगे, अंशुल कंबोज, अरशद खान, विप्रज निगम।

जानिए पिच रिपोर्ट

यह मुकाबला भी डाम्बुला के मैदान पर खेला जाएगा, जहां सीरीज का पहला मैच भी आयोजित हुआ था। शुरुआती मुकाबले में पिच बल्लेबाजों के लिए पूरी तरह आसान नहीं दिखी थी, लेकिन धैर्य के साथ बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ियों को रन बनाने का अवसर मिला। ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा ने पिछले मैच में इसका बेहतरीन उदाहरण पेश किया था। गेंदबाजों को भी इस सतह से मदद मिलने की संभावना है, खासकर नई गेंद से। हालांकि बल्लेबाज यदि शुरुआत में समय बिताने में सफल रहते हैं तो बाद में बड़े शॉट खेल सकते हैं। इसी मैदान पर इंडिया ए ने पहले मैच में 278 रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव किया था, जिससे स्पष्ट है कि संतुलित प्रदर्शन करने वाली टीम को यहां फायदा मिल सकता है।

 

 

Written By Toshi Shah