Independence Day 2026 UP: देश आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के कोने-कोने में जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। राजधानी लखनऊ से लेकर नोएडा, वाराणसी और प्रयागराज तक शहर तिरंगे के रंग में नजर आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और अमर शहीदों को नमन करते हुए लोगों से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

CM योगी ने आवास पर फहराया तिरंगा, विधानसभा में हुआ विशेष आयोजन

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण किया।इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधानसभा के सामने भी भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लखनऊ में विधानसभा परिसर के आसपास तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। पुलिस बल के साथ खुफिया एजेंसियों की भी तैनाती की गई।

STF इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत कीर्ति चक्र

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए भी यह गर्व का क्षण रहा। यूपी एसटीएफ के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया।उन्होंने 20 जनवरी 2025 को शामली में अपराधियों के खिलाफ अभियान का नेतृत्व करते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था।यह पहली बार है जब उत्तर प्रदेश पुलिस के किसी जवान को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है। उनके साहस और बलिदान को पूरे प्रदेश में याद किया जा रहा है।

नेताओं ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।योगी आदित्यनाथ ने अमर बलिदानियों को नमन करते हुए राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने की अपील की।वहीं मायावती ने भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ आजादी का पर्व मनाने की बात कही। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं की जिम्मेदारी और संविधान के संतुलन को मजबूत करने पर जोर दिया।

काशी से प्रयागराज तक दिखा देशभक्ति का रंग

वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विशेष मंगला आरती की गई। मंदिर परिसर में राष्ट्रभक्ति का अनोखा माहौल देखने को मिला।
वहीं प्रयागराज में प्रसिद्ध लेटे हनुमान मंदिर में भगवान हनुमान जी का तिरंगा श्रृंगार किया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना।

 Written By: Shivashakti Narayan Singh