नई दिल्ली। इजरायली सेना (IDF) ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए, जिसमें कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए।
लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी नेशनल न्यूज एजेंसी (NNA) के अनुसार, शनिवार को नबातिये जिले के अंसार इलाके के पास एक घर पर इजरायली हवाई हमला हुआ, जिसमें इमारत पूरी तरह नष्ट हो गई।
हिजबुल्लाह की गतिविधियों के जवाब में की गई कार्रवाई
रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल ने नबातिये अल-फौका के पास अली अल-ताहेर रिज इलाके में भी हमले तेज कर दिए। इजरायली सेना का कहना है कि यह कार्रवाई हिजबुल्लाह की गतिविधियों के जवाब में की गई।
IDF ने बयान जारी कर कहा कि हिजबुल्लाह ने अली अल-ताहेर रिज इलाके में तैनात इजरायली सैनिकों के खिलाफ कार्रवाई की थी, जिसके जवाब में दक्षिणी लेबनान के नबातिये और अंसार क्षेत्रों में हिजबुल्लाह के आतंकी ढांचे को निशाना बनाया गया।
इजरायली सैनिकों के लिए खतरा वाले ठिकाने नष्ट
इजरायली सेना ने कहा कि वह हिजबुल्लाह से जुड़े उन ठिकानों को नष्ट करने के लिए अभियान जारी रखेगी, जिन्हें वह इजरायली नागरिकों और सैनिकों के लिए खतरा मानती है।
नबातिये और अंसार दक्षिणी लेबनान में स्थित हैं और दोनों क्षेत्रों के बीच करीब 15 किलोमीटर की दूरी है।
इजरायल-लेबनान सीमा पर लगातार बढ़ रहा तनाव
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब इजरायल-लेबनान सीमा पर तनाव लगातार बढ़ रहा है। IDF का कहना है कि उसकी कार्रवाई का उद्देश्य हिजबुल्लाह की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना और इजरायली सैनिकों पर हमलों को रोकना है।
दक्षिणी गाजा में हमास के एक कमांडर को मार गिराया
इससे पहले शुक्रवार को इजरायली सेना ने दावा किया था कि उसने दक्षिणी गाजा में हमास के एक कमांडर को मार गिराया है। IDF के मुताबिक, हुजैफा खालिद सुलेमान क़वारी, जो हमास की खान यूनिस ब्रिगेड का कंपनी कमांडर था, गुरुवार को किए गए एक हवाई हमले में मारा गया।
इजरायली सेना ने आरोप लगाया कि क़वारी हमास लड़ाकों को प्रशिक्षण देने, हथियारों की आवाजाही और संगठन की सैन्य क्षमता को फिर से मजबूत करने में शामिल था।
यह भी पढ़ें: 250 दिन की तैनाती के बाद घर लौटेगा USS Abraham Lincoln, अमेरिकी नौसैनिकों की हालत पर उठे सवाल
IDF ने कहा कि हमले से पहले नागरिकों को नुकसान से बचाने के लिए सटीक हथियारों और हवाई निगरानी का इस्तेमाल किया गया। इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच बढ़ते तनाव ने एक बार फिर दक्षिणी लेबनान को संघर्ष का केंद्र बना दिया है।
Written By: Pradeep Singh