PM Modi in Barrackpore: पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के अंतिम दिन पीएम मोदी ने बैरकपुर में 'विजय संकल्प रैली' को संबोधित किया। भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ TMC पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विश्वास जताया कि चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा।
भाजपा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने आएंगे प्रधानमंत्री
बैरकपुर में आयोजित इस रैली में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई। अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि बंगाल में जहां-जहां वे गए हैं, वहां इतनी गर्मी के बावजूद लोगों का उत्साह अभूतपूर्व रहा है। उन्होंने कहा कि इस जनसमर्थन से उन्हें पूरा भरोसा है कि 4 मई के बाद वे भाजपा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए फिर से बंगाल आएंगे।
जनता का समर्थन देख बढ़ा पीएम मोदी का उत्साह
प्रधानमंत्री ने रैली को इस चुनाव की अपनी अंतिम सभा बताते हुए कहा कि जनता के समर्थन ने उनका उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है। उन्होंने हेलिपैड से सभा स्थल तक के अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि रास्ते भर लोगों की भीड़ देखकर वे अभिभूत हो गए। उन्होंने इसे जनता का आशीर्वाद बताया।
#WATCH | Barrackpore, West Bengal: Prime Minister Narendra Modi says, "This is my last rally in this election. I'm going back with the confidence that I will definitely attend the BJP's swearing-in ceremony after the May 4th results. And that only increases my enthusiasm."
— ANI (@ANI) April 27, 2026
"I… pic.twitter.com/vE5xjLjKb1
'भारत की समृद्धि के 3स्तंभ अंग, बंग और कलिंग'
प्रधानमंत्री ने जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस चुनाव में उन्हें वैसी ही आध्यात्मिक अनुभूति हुई है। उन्होंने इसे बंगाल के प्रति अपने गहरे लगाव से जोड़ा। इतिहास का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भारत की समृद्धि के 3 प्रमुख स्तंभ अंग, बंग और कलिंग थे। इन क्षेत्रों के कमजोर होने से देश की ताकत पर असर पड़ा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए इन क्षेत्रों का मजबूत होना जरूरी है और 'पूर्वोदय' भारत के विकास की कुंजी है।
'उद्योग बंद हो रहे, जबकि अवैध गतिविधियां बढ़ रही हैं'
विपक्ष पर हमला करते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में उद्योग बंद हो रहे हैं जबकि अवैध गतिविधियां बढ़ रही हैं। उन्होंने TMC पर 'जंगलराज' का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के पास राज्य के विकास का कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने 'वंदे मातरम्' को स्वतंत्रता संग्राम का प्रेरक मंत्र बताते हुए कहा कि अब इसे 21वीं सदी में बंगाल के नव-निर्माण का मंत्र बनाना होगा। उन्होंने जनता से बदलाव के लिए भाजपा का समर्थन करने की अपील की और कहा कि राज्य में 'जनता जनार्दन का राज' स्थापित किया जाएगा।
Written By: Geeta Sharma