हरिद्वार: योग गुरु स्वामी रामदेव ने बीजेपी सांसद कंगना रनौत के साथ चल रहे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहते और अब इस मुद्दे पर कोई और टिप्पणी नहीं करेंगे। स्वामी रामदेव ने कहा, "मैं इस मामले को बढ़ाना नहीं चाहता। देश जानता है कि स्वामी रामदेव कौन हैं और मेरा क्या योगदान है। इसलिए मैं ऐसे लोगों पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।"

Gen Z टिप्पणी से शुरू हुआ था विवाद

कंगना रनौत और स्वामी रामदेव के बीच विवाद की शुरुआत बीजेपी सांसद के Gen Z और युवा प्रदर्शनकारियों को लेकर दिए गए बयान के बाद हुई थी। कंगना ने Gen Z को "Generation Gutter" बताया था, जिसके बाद उनके बयान की कई लोगों ने आलोचना की। इसके बाद स्वामी रामदेव ने कंगना की टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए युवा पीढ़ी को लेकर अपनी राय रखी थी।

कंगना ने सोशल मीडिया पर किया था पलटवार

रामदेव की टिप्पणी के बाद कंगना रनौत ने सोशल मीडिया के जरिए जवाब दिया था। उन्होंने रामदेव के निजी जीवन और चरित्र को लेकर की गई टिप्पणियों पर आपत्ति जताई और कहा कि व्यक्तिगत बातों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।

'वंदे मातरम्' और भारत माता पर भी बोले रामदेव

विवाद के अलावा स्वामी रामदेव ने 'वंदे मातरम्' को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत माता उनके लिए आस्था, ज्ञान, मंदिर और शक्ति का प्रतीक हैं। रामदेव ने कहा कि जो लोग वंदे मातरम् में देवी-देवताओं या मंदिरों के संदर्भ देखते हैं, उन्हें संस्कृत और इसके वास्तविक अर्थ को समझने की जरूरत है।

देश में सुधारों को लेकर सरकार का किया जिक्र

स्वामी रामदेव ने कहा कि देश में शिक्षा, स्वास्थ्य, अर्थव्यवस्था, कृषि और लोकतंत्र के क्षेत्रों में लगातार सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार इन क्षेत्रों में काम कर रही है और आने वाले समय में भी सुधार जारी रहेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग देश में हो रहे अच्छे कार्यों को नहीं देखते और छोटे बच्चों तक को विरोध प्रदर्शनों में शामिल कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों को पुलिस थानों के घेराव और सड़कों पर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने पर सवाल उठाए।